MP में जल्द सुनाई देगी 20 चीतों की गुर्राहट

भोपाल

मध्यप्रदेश में अफ्रीकन चीतों की गुर्राहट जल्द सुनने को मिल सकती है। 20 चीतों को कूनो नेशनल पार्क में लाने की फाइल आगे बढ़ चुकी है। प्रदेश के अफसरों की एक टीम दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया भी गई है, जो 25 फरवरी की रात लौटेगी। संभावना है कि मार्च या अप्रैल में चीते कूनो पार्क में लाए जा सकते हैं।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य-प्राणी) जसबीर सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 17 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया रवाना हुआ था। प्रतिनिधिमंडल चीता प्रोजेक्ट के बारे में वहां के अधिकारियों से चर्चा कर रहा है। यह चर्चा 24 फरवरी तक जारी रहेगी। 25 फरवरी की रात में टीम भोपाल लौट आएगी।

3 साल से चल रहा प्रोजेक्ट

चीतों को देश में लाने के लिए करीब 3 साल से प्रोजेक्ट चल रहा है। वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी को इसकी मंजूरी दी थी। प्रयोग के लिए अफ्रीकन चीते भारत के जंगलों में लाए जाएंगे। वर्ष 2021 में प्रोजेक्ट ने फिर रफ्तार पकड़ी थी। पहले MP सरकार राज्य के स्थापना दिवस यानी 1 नवंबर को चीतों को कूनो नेशनल पार्क में लाना चाहती थी, लेकिन केंद्र सरकार से तारीख नहीं मिल पाई थी। इस कारण मामला अटक गया था। अब इसकी फाइल फिर से आगे बढ़ी है।

20 चीते लाने का है प्लान

श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीका से 20 चीते लाने का प्लान है। पिछले साल अगस्त में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चीतों को भारत लाने की तैयारी को लेकर केंद्रीय श्रम एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से भी चर्चा की थी। दो चरण में 10 नर और 10 मादा चीते कूनो नेशनल पार्क में शिफ्ट कराने का प्लान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *