नायब तहसीलदार की दोस्ती महिला कांस्टेबल का शव नाले में मिला

   लखनऊ

यूपी की राजधानी लखनऊ के PGI थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई. पुलिस ने जब पड़ताल की तो जानकारी हुई कि शव महिला कांस्टेबल रुचि सिंह का है. इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई.

पुलिस का कहना है कि ये मामला प्रेम प्रसंग का है. फेसबुक के जरिए महिला कांस्टेबल की दोस्ती नायब तहसीलदार से हुई थी. पुलिस इस केस में कड़ियां जोड़ते हुए गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है.

जानकारी के मुताबिक महिला कांस्टेबल बीते 13 फरवरी से ड्यूटी पर नहीं पहुंची थी. इसके बाद महिला सिपाही के साथियों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रुचि सिंह का फोन लगातार स्विच ऑफ जा रहा था. इसके बाद साथियों ने मुकदमा दर्ज कराया.

बता दें कि महिला कांस्टेबल का शव काली माता इलाके के नाले में मिला. इसकी सूचना लखनऊ के PGI थाने की पुलिस ने सुशांत गोल्फ थाना को दी. इसके बाद कांस्टेबल रुचि सिंह के साथ काम करने वाले साथी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव की शिनाख्त की. साथ ही साथ पुलिस ने बिजनौर में महिला कांस्टेबल के परिजनों को भी सूचित किया.

नायब तहसीलदार भी शादीशुदा है

पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग का है. महिला सिपाही रुचि शादीशुदा थी. उसकी शादी एक कांस्टेबल से हुई थी. वह वर्तमान में कुशीनगर में तैनात हैं.

जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ के रानीगंज में तैनात नायब तहसीलदार की फेसबुक से माध्यम से रुचि से दोस्ती हुई थी. इसके बाद बातचीत बढ़ी. पिछले 5 वर्षों से दोनों रिलेशनशिप में थे. बताया ये भी जा रहा है कि नायब तहसीलदार भी शादीशुदा है, लेकिन महिला सिपाही उसपर शादी का दबाव डाल रही थी.

नायब तहसीलदार को हिरासत में लेकर पूछताछ

मामले में आरोपी नायब तहसीलदार को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. जानकारी के मुताबिक हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि लखनऊ पुलिस का कहना है कि वह जल्द ही इस गुत्थी को सुलझाएगी कि आखिर महिला का शव नाले में कैसे मिला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *