शाहपुरा में मंदिर में हुई चोरी का चोर पकड़ा गया

भोपाल

भोपाल में 10वीं का स्टूडेंट गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के चक्कर में चोर बन गया। आरोपी छात्र दर्शन करने के बहाने मंदिर में जाकर रेकी करता। फिर दानपेटी का ताला तोड़कर रुपए निकाल लेता था। चोरी के रुपए वो अपनी गर्लफ्रेंड पर उड़ाता था। हाल ही में उसने शाहपुरा थाना परिसर में बने मंदिर में चोरी की थी, जिसके बाद 30 से 35 जगहों के CCTV कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से 1850 रुपए, बाइक, औजार और पूजा की घंटी मिली है।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लड़के की उम्र 17 साल है। वह एक प्राइवेट स्कूल में 10वीं का छात्र है। उसके पिता एक दुकान पर काम करते हैं। लड़के ने पुलिस को बताया कि वह पड़ोस में रहने वाली लड़की से प्यार करता है। घर से इतना जेब खर्च नहीं मिलता कि गर्लफ्रेंड पर खर्च कर सके। इसलिए चोरी का रास्ता अपनाया।

थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर में की चोरी

शाहपुरा थाना परिसर में हनुमान मंदिर है। 15 फरवरी की सुबह 11 बजे पुजारी पूजा करने के बाद चले गए थे। उन्होंने मंदिर के शटर पर ताला नहीं लगाया था। इसी बीच, आरोपी लड़का मंदिर में दर्शन करने पहुंचा और गर्भगृह में रखी दान पेटी के ताले को प्लास से तोड़कर रुपए चोरी कर लिए। जाते समय मंदिर में रखी एक पूजा वाली घंटी भी ले गया।

30-35 जगह CCTV फुटेज खंगालने पर मिला

चोरी की जानकारी पुलिस ने 3 दिन तक छिपाए रखी। इसी बीच सोशल मीडिया में चोरी करने वाले संदिग्ध का CCTV फुटेज वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 30-35 CCTV खंगाले। तब कहीं जाकर उसकी पहचान हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *