आरटीओ में लाइसेंस की व्यवस्था को अपडेट किया,डुप्लीकेट और रिन्यूअल होंगे आनलाइन

इंदौर
आरटीओ में डुप्लीकेट और रिन्यूअल लाइसेंस की व्यवस्था को आनलाइन कर दिया गया है। इससे अब लोगों को आरटीओ के चक्कर नहीं काटना होंगे और लोग सीधे ही घर से लाइसेंस बनवा सकेंगे। हालांकि अभी लाइसेंस कार्ड लेने के लिए लोगों को आरटीओ जाना ही होगा, क्योंकि लाइसेंस बनने के बाद घर भेजने की अभी कोई व्यवस्था नहीं है। इधर यह व्यवस्था लागू होने से उन लोगों की जेब पर बोझ बढ़ गया है जिनके लाइसेंस को एक्सपायर हुए एक साल से अधिक का समय बीत गया है। ऐसे लोगों से एक हजार रुपये प्रति साल की पेनल्टी ली जा रही है।

आरटीओ में लाइसेंस की व्यवस्था को अपडेट किया जा रहा है। पहले चरण में लर्निंग लाइसेंस को एक अगस्त से आनलाइन कर दिया गया, जिससे आवेदक को आरटीओ नहीं आना होता है। इसी के अगले चरण में बुधवार से डुप्लीकेट और रिन्यूअल लाइसेंस की व्यवस्था को भी आनलाइन कर दिया गया है। अब आवेदक घर बैठे ही लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि अभी लाइसेंस प्राप्त करने आरटीओ जाना होगा। जल्द ही डाक विभाग से अनुबंध के बाद इसे घर ही भेज दिया जाएगा। पूरी व्यवस्था केन्द्र के सर्वर पर चली गई है।

 

पहले यह थी व्यवस्था

अगर आपका लाइसेंस 2019, फरवरी में एक्सपायर हुआ है, तो फरवरी 2020 तक आप इसे 474 रुपये की रसीद कटवा कर इसे रिन्यू कर सकते थे। इन 474 रुपये में 200 फीस, 200 रुपये कार्ड शुल्क और 74 रुपये स्मार्टचिप कंपनी का चार्ज शामिल था। इससे ज्यादा समय हो जाने पर प्रति केटेगरी 300 रुपये जुड़ते थे। यदि कोई व्यक्ति दो साल बाद भी इसे रिन्यू करवा रहा था तो यह काम 1074 रुपये में हो रहा था।

अब हो गई यह व्यवस्था

जानकारी के अनुसार नई व्यवस्था में किसी व्यक्ति का लाइसेंस दो साल पहले एक्सपायर हो गया है तो 200 रुपये की फीस के साथ दो पहिया श्रेणी के 300 और चार पहिया श्रेणी के 300 तो देना ही होंगे। इसके अलावा दो पहिया वाहन के री टेस्ट 300 के साथ एक हजार रुपये प्रति साल की पेनल्टी के हिसाब से 2300 रुपये और देना होंगे। टैक्स मिला कर यह राशि 3175 रुपये हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *