स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने वालों से नगर सरकार लेगी पैसा

 ग्वालियर।शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए जारी कवायद के अपेक्षित परिणाम नहीं आने से परेशान नगर सरकार अब कचरे और गंदगी से पैसा बनाने के रास्ते पर आ गई है। माना जा रहा है कि इससे स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने वालों को सबक सिखाने के साथ-साथ इस अभियान के संचालन पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ के ऐवज में कुछ राशि भी हाथ आ जाएगी।
हालांकि इस कवायद में कई बार मनमाने तरीके से दुकानदारों के चालान किए जाने, तो कभी निजी खुन्नस निकालने या वसूली के लिए दवाब बढ़ाने के नाम पर कार्रवाई का डर दिखाने जैसी शिकायतें भी सामने आती रही हैं। वहीं इस तरह की कार्रवाई से स्वच्छता अभियान में कितनी गति मिलेगी यह भी नहीं कहा जा सकता। बावजूद इसके नगर निगम प्रशासन ने अब इस बात के लिए पूरा मन बना लिया है कि शहर की साफ सफाई का कचरा करने वालों पर आर्थिक दंड लगाने में सख्ती बरती जाएगी। इस मामले में अब मैदानी स्तर पर निगम अमले के तेवर तीखे हो सकते हैं।

दुकान भी हो सकती है सील
स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 की जानकारी देने के साथ लोगों को कचरा सड़क पर न फैंकने एवं गीला व सूखा कचरा अपने घर से ही अलग-अलग कर कचरा संग्रहण वाहन में डालने को कहा जा रहा है। इसके तहत सराफा बाजार में निगम के ब्रांड एम्बेस्डर एवं पूर्व अपर आयुक्त डॉ एमएल दौलतानी के निर्देशन में निकाली गई रैली के दौरान दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वह कचरा सड़क पर न डालें। यदि किसी दुकान के सामने या आसपास कचरा पाया गया तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ जुर्माना एवं दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।

थमाए जाने लगे अंतिम चेतावनी पत्र
लगातार बिगड़ती स्थितियों से परेशान निगम अमला समझाइश के साथ ही दुकानदारों को अब अंतिम चेतावनी पत्र भी थमाने लगा है। बीते रोज वार्ड 42 में उपायुक्त जे एन पारा के निर्देशन में क्षेत्र के दुकानदारों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी किए, जिनमें साफ कहा गया है कि वह अपनी दुकान के सामने कचरे के लिए हरा व नीला डस्टबीन स्थापित करें। वहीं अब अगर किसी भी दुकान के सामने गंदगी पाई जाती है तो दुकान संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी एवं अर्थदंड वसूला जाएगा।  

गंदगी देख भड़के कमिश्नर
उधर सेकंडरी कचरा उठाने के मामले में निगम अमले की लापरवाही सामने पर आयुक्त किशोर कान्याल भड़क गए और उन्होंने मौके पर ही निर्देश दिए कि यह कचरा उठाने वाली गाड़ियां रोज सुबह 6 बजे निकल जाएं। साथ ही संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से यह सुनिश्चित करें। कमिश्नर गत दिवस वार्ड 30 एवं 12 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान वार्ड 30 में पटेल नगर में एसपी आॅफिस के पीछे  एवं अन्य कई क्षेत्रों में खाली प्लॉटों पर गंदगी को देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई कराने और संबंधित से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रोड पर पेशाब कर रहे एक व्यक्ति पर भी जुर्माने की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *