शराब दुकानों पर छापे के विरोध में शराब कारोबारियों ने बंद रखी अपनी दुकाने
भोपाल। शहर की शराब दुकानों पर छापे के विरोध में शराब कारोबारियों ने आज अपनी दुकानों को बंद रखा है। शहर में पिछले दो दिनों से आबकारी विभाग की शराब दुकानों पर छापे की कार्रवाई चल रही है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को रोकने लिए आज शहर में दुकानें बंद रखी गई है। छापे में कई तरह की अनियमितताएं पाई गई है। गुरुवार रात से आबकारी विभाग की आधा दर्जन टीमें शहर की अलग-अलग दुकानों पर पड़ताल कर रही थी।
शराब की दुकानें बंद होने को लेकर विभाग और ठेकेदार आमने-सामने हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक बिना पूर्व सूचना के शहर की अधिकांश दुकानें अचानक बंद रखी गई है। जिसे लेकर हड़कंप मचा हुआ है। उधर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच उनका अधिकार है और इसमें शराब करोबारियों को सहयोग करना चाहिए। सूत्रों के अनुसार दुकानों में रखी शराब को बैच नंबर के आधार पर जांची जा रही है। इसमें बोतल के बैच नंबर और स्टॉक रजिस्टर में दर्ज बैच नंबरों को मैच किया जा रहा है। इसमें कई बैच नंबर मिस मैच होने की आशंका है। इसके अलावा आबकारी अधिकारी इसकी भी जांच कर रहे है कि अन्य राज्यों से लाकर भी कहीं शराब तो नहीं बेची जा रही है। हालांकि विभागीय अमला इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा है।
दो साल में पहली बार ऐसी कार्रवाई
भोपाल में दो साल से सिंगल ग्रुप को शराब दुकानों का ठेका दिया गया है, लेकिन पहली बार ऐसी बड़ी कार्रवाई देखी जा रही है। गुरुवार देर शाम आबकारी विभाग ने यह जांच शुरू की थी, जो अब भी जारी है। हालांकि राजधानी का आबकारी अमला भी शासन के निर्देशों का पालन कराने में फिसड्डी साबित हुआ है।
शहर की शराब दुकानों में रूटीन चैक किया जा रहा है। यहां पर शराब के बैच नंबर, दूसरे राज्यों की शराब सहित अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। यदि शराब ठेकेदार ने जानबूझकर और बिना सूचना के शराब दुकानें बंद की है, तो उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सजेंद्र मोरी, कंट्रोलर, आबकारी भोपाल
