भाजपा नेताओं के ‘वार’ से गुस्साए शिवसेना सांसद राउत ने दिया विवादास्पद बयान
मुंबई। भाजपा नेताओं के 'वार' से गुस्साए शिवसेना सांसद संजय राउत ने एक विवादास्पद बयान दिया है। उन्होंने सोमवार को दावा किया कि कुछ दिनों के अंदर भाजपा के साढ़े तीन नेता जेल में होंगे। हालांकि ये 3 और 'आधा' नेता कौन है, इसका खुलासा 15 फरवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकता है। बता दें कि पिछले दिनों राउत के करीबी बिजनेसमैन प्रवीण राउत की प्रवर्तन निदेशालय द्वारा एक जमीन घोटाले में गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता किरीट सौमैया ने उनके ऊपर 100 करोड़ के जम्बो कोविड केयर सेंटर घोटाले का आरोप लगाया है।
शिवसेना सांसद ने सोमवार को कहा कि उन्होंने बहुत बर्दाश्त किया है। अब बर्बाद भी वे (राउत) ही करेंगे। संजय राउत ने बताया कि इस संबंध में कल यानी 15 फरवरी को शिवसेना भवन में शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। इस दौरान शिवसेना के कई बड़े नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे। राउत ने कहा-हमाम में सब नंगे होते हैं। उनकी नींद उड़ गई है, जो करना है उखाड़ लीजिए, वो डरने वाले नहीं हैं।
महाराष्ट्र की राजनीति; खासकर उद्धव ठाकरे सरकार में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ठाकरे के एकदम करीब शिवसेना सांसद संजय राउत के सितारे गर्दिश में हैं। संजय राउत के करीबी सहयोगी और व्यवसायी प्रवीण राउत को प्रवर्तन निदेशालय ने 2 फरवरी को गिरफ्तार किया है। उन्हें 1,034 करोड़ रुपए के जमीन घोटाले केस में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद भाजपा नेता किरीट सौमैया ने उनके ऊपर 100 करोड़ के जम्बो कोविड केयर सेंटर घोटाले का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि संजय राउत के करीबी सुजीत पाटकर ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर जम्बो कोविड केयर सेंटर का काम हासिल किया। सोमैया ने लाइफ लाइन हॉस्पिटल मैनेजमेंट सर्विसेज नाम से पार्टनरशिप फर्म को फर्जी करार दिया है। बीजेपी नेता ने नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी से शिकायत की है। इससे पहले किरीट सोमैया ने संजय राउत पर एक वाइन कंपनी में पार्टनरशिप का आरोप लगाया था। सोमैया ने कहा था कि राउत का महाराष्ट्र के बड़े उद्योगपति अशोक गर्ग की मैगपी ग्लोबल लिमिटेड नाम की वाइन कंपनी में पार्टनरशिप है। राउत की दोनों बेटियां और पत्नी कंपनी में डायरेक्टर के पद पर हैं। इसी वजह से राउत मॉल्स और किराने की दुकानों में वाइन बिक्री के फैसले का समर्थन कर रहे हैं।
आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में देशभर में चुनाव लड़ेगी
गोवा और उत्तर-प्रदेश के चुनावी समर में उतरी शिवसेना की नजर लोकसभा चुनाव पर है। पार्टी ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। पार्टी की नई पीढ़ी के हाथों में इसकी कमान होगी। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र के मंत्री और सीएम उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में देशभर में लोकसभा चुनाव लड़ेगी।
