सराहनीय रहा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत थाना स्तरीय समितियों का गठन : अमित सांघी
ग्वालियर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने संपूर्ण मध्यप्रदेश में सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत थाना स्तरीय समितियों का गठन किया है, जोकि सराहनीय है। इसके लिए समिति के संयोजक एवं सदस्यगण पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि 2 पक्षीय महौल में यदि एक पक्ष अपना शत-प्रतिशत देता है, तो दूसरा पक्ष भी अपना यदि कुछ कम भी देगा तो परिणाम अच्छे आएंगे। इसके लिए प्रतिमाह थाना स्तर पर बैठक होगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उन बैठकों का समन्वय करेंगे। नगर पुलिस अधीक्षक, नगर निरीक्षक और उस बाजार के व्यवसाई सब मिलकर सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव, नौकरों का पुलिस वैरिफिकेशन, व्यवसाइयों के पहचान पत्र, अतिक्रमण हटाने, शहर को स्वच्छ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगतान देंगे।
व्यापारियों ने कहा कि शत-प्रतिशत सीसीटीवी कैमरायुक्त शहर होगा। थाना स्तरीय कमेटियां एक मिशन के रूप में इस कार्य को संपादित करेंगी और इसके लिए नि:शुल्क मेंटेनेंस शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। यदि हम सीसीटीवी कैमरे लगाते हैं तो न सिर्फ अपना व्यवसाय, अपना निवास एवं शहर को सुरक्षित करते हैं बल्कि समाज के लिए हितकारी कार्य करेंगे। कॉन्फेडरेशन आॅफ आॅल इंडिया ट्रेडर्स के पदाधिकारियों ने व्यापारी शैलेन्द्र गोयल की जो लूट हुई थी उसे समय सीमा में बरामद करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का अभिनंदन किया और धन्यवाद पत्र सौंपा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र सिंह तोमर, डीएसपी क्राईम विजय सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र सिंह, नरेन्द्र कुमार का भी दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। नि:शुल्क सीसीटीवी कैमरा मेंटेनेंस शिविर सोमवार से प्रारंभ किया जाएगा और 20 फरवरी से थाना स्तरीय बैठकें प्रारम्भ की जायेंगी।
