किसान समृद्धि से ही राष्ट्र की प्रगति
जबलपुर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2020 और रबी 2021 में आज मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा वर्चुअली आॅनलाइन राशि का वितरण किसानोें के खाते में किया गया। इसके अंतर्गत जबलपुर में भी जिला प्रशासन द्वारा कृषि उपज मंडी में किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। यहां विधायक सुशील तिवारी इंदु, भारतीय जनता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरविंद पटेल सहित उप संचालक कृषि एसके निगम की मौजूदगी में किसानों को राशि वितरित की गई।
सीएम को लाइव सुना-
इस अवसर पर मुख्यमंत्री को किसानों ने लाइव भी सुना। इस दौरान किसानों को बताया गया कि देश में फसल क्षति की सबसे बड़ी सहायता राशि का आज वितरण किया जा रहा है। चूंकि कोरोनाकाल में काफी संख्या में किसान परेशान रहे इसलिए आज इसमें प्रदेश के 49 लाख दावों में 7600 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में केंद्र सरकार द्वारा छह हजार रुपए और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में राज्य सरकार द्वारा चार हजार रुपए के साथ दस हजार रुपए प्रतिवर्ष की सहायता है।
सिचाई का रकवा भी बढ़ा-
प्रदेश में सिंचाई का रकबा 15 सालों में 7.50 लाख हैक्टेयर से बढ़ कर 43 लाख हैक्टेयर हो चुका है। किसानों को 16 हजार करोड़ रुपए की बिजली सब्सिडी दी जा रही है। किसानों को शून्य ब्याज पर इस साल 14,428 करोड़ रुपए के फसल ऋण दिए गए हैं। उपार्जन के लिए 38 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में सीधे जमा किए गए हैं। कार्यक्रम का आयोजन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मध्यप्रदेश द्वारा किया गया। इस अवसर पर यहां बड़ी संख्या में किसान और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी के अलावा भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी, मंडी स्टाफ तथा सामान्यजन उपस्थित रहे।
