रणजी ट्राफी के मैच में शहडोल के हिमांशु और कार्तिकेय भी खेलेंगे
शहडोल
शहडोल के दो क्रिकेटर राजकोट में होने वाले रणजी ट्राफी क्रिकेट मैच में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन बोर्ड के द्वारा इनका सिलेक्शन किया गया है। उल्लेखनीय है कि हिमांशु मंत्री और कार्तिकेय शहडोल के रहने वाले हैं और पिछले साल भी इन दोनों ने रणजी ट्राफी में अपने खेल का प्रदर्शन किया था। इस बार भी इन दोनों का रणजी ट्राफी के लिए सिलेक्शन हुआ है। दोनों खिलाडि़यों के चयनित होने से शहर के खेल प्रेमियों में खुशी देखी गई।
दस फरवरी से है मैच : इनके मैच 10 फरवरी से राजकोट में होंगे जिसके लिए यह दोनों खिलाड़ी रवाना हो चुके हैं। यह दोनों खिलाड़ी संभागीय क्रिकेट टीम के हिस्सा हैं। शहडोल डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील खरे एवं सचिव अजय द्विवेदी ने बताया कि रणजी ट्राफी के लिए हिमांशु मंत्री एवं कुमार कार्तिकेय का चयन हुआ है।
मेहनत और लगन से खेलते हैं दोनों : कोच आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया है कि हिमांशु मंत्री एवं कुमार कार्तिकेय दोनों बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं और संभागीय टीम में अपना शानदार प्रदर्शन करते हैं। इनका कहना है कि दोनों खिलाड़ी मेहनती हैं और लगन के साथ अपना क्रिकेट खेलते हैं। कोच ने बताया कि इनके सिलेक्शन होने से पूरे शहडोल को गर्व का अनुभव हुआ है।
