15 से 18 वर्ष के किशोरों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने 31 जनवरी से शुरू होगा टीकाकरण-सत्र

भोपाल
प्रदेश में 15-17 वर्ष के किशोर-किशोरियों को 3 जनवरी से कोविड-19 की वैक्सीन (को-वैक्सीन) का पहला डोज लगाने का अभियान शुरू किया गया था। ऐसे सभी किशारों को, जो वैक्सीन के दूसरे डोज के लिये पात्र हो गये हैं, उनको वैक्सीन का दूसरा डोज लगाना 31 जनवरी से शुरू किया जाएगा।

संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्रीमती प्रियंका दास ने इस संबंध में सभी कलेक्टर्स को पत्र लिखकर पात्र किशोरों को वैक्सीन का दूसरा डोज लगाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 48 लाख किशोर-किशोरियों के निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध अभी तक 36 लाख 42 हजार से अधिक को वैक्सीन का पहला डोज लगाया जा चुका है। उन्होंने वैक्सीन के दूसरे डोज के लिये पात्र किशोरों के लिये प्रदेश के सभी उन विद्यालयों में टीकाकरण-सत्रों के आयोजन के निर्देश दिये है, जहाँ पूर्व में किशोरों को वैक्सीन का पहला डोज लगाया गया था।

टीकाकरण-सत्र के लिये निर्देश

  • किशोरों को वैक्सीन के दूसरे डोज का अभियान 31 जनवरी से शुरू किया जाये।
  • जिन किशोरों को वैक्सीन का पहली डोज लगे 28 दिन हो गये हों, वेही शामिल हों।
  • टीकाकरण के दूसरे डोज के लिये स्थल पर ऑनसाईट पंजीयन किया जायेगा।
  • शिक्षक-पालक की बैठक ऑनलाईन आयोजित कर पालकों को जागरूक किया जाये।
  • टीकाकरण के लिये किशोर-किशोरियों को प्रेरित किया जाये।
  • शाला त्यागी 15-17 वर्ष के किशोर बालक-बालिकाओं को शिक्षक एवं आँगनवाड़ी कार्यकर्ता   प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *