नडाल का मेदवेदेव से फाइनल मुकाबला आज, क्या 21 ग्रैंडस्लैम जीतकर इतिहास रच पाएंगे राफेल ?
मेलबर्न
ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष फाइनल में रविवार को राफेल नडाल और डेनियल मेदवेदेव आमने-सामने होंगे। यह मुकाबला रॉड लेवर एरिना कोर्ट में खेला जाएगा। यह मैच जीतकर नडाल अपने करियर का 21वां ग्रैंड स्लैम हासिल करना चाहेंगे। हालांकि, मेदवेदेव को हराना नडाल के लिए कतई आसान नहीं होने वाला। पिछले साल यूएस ओपन फाइनल में रूस के मेदवेदेव ने नोवाक जोकोविच को हराया था। यह उनके करियर की पहला ग्रैंडस्लैम था।
मेदवेदेव ने नडाल के साथ चार अलग-अलग प्रतियोगिताओं में मैच खेले हैं। इनमें से तीन नडाल और एक मेदवेदेव ने जीता है। नडाल की तीन जीत में से एक 2019 यूएस ओपन फाइनल में आई थी। हालांकि, यूएस ओपन फाइनल में, मेदवेदेव ने पहले दो सेट हारने के बाद वापसी की थी, लेकिन पांचवें सेट में हार गए थे।
पिछले साल यूएस ओपन फाइनल में जोकोविच का सामना मेदवेदेव से हुआ था। जोकोविच यह मैच जीतकर सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बनना चाहते थे। नडाल, जोकोविच और फेडरर 20-20 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं। यूएस ओपन जीतकर जोकोविच पहले खिलाड़ी बन सकते थे, जिन्होंने 21 ग्रैंडस्लैम अपने नाम किए हों, लेकिन मेदवेदेव ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने जोकोविच का सपना तोड़ते हुए जीत हासिल की और अपने करियर का पहला ग्रैंडस्लैम जीता।
अब राफेल नडाल भी जोकोविच जैसी हालत में हैं। वो ऑस्ट्रेलियन ओपेन जीतकर पहले खिलाड़ी बनना चाहते हैं, जिन्होंने 21 ग्रैंड स्लैम जीतेंगे। फाइनल में उनका भी सामना मेदवेदेव से होगा। ऐसे में रूसी खिलाड़ी नडाल का सपना भी तोड़ सकता है।
सबसे ज्यादा एकल ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी
- रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच – 20
- पीट सम्प्रास – 14
- रॉय इमर्सन – 12
- रॉड लेवर, ब्योर्न बोर्ग – 11
- बिल टिल्डेन – 10
- फ्रेड पेरी, केन रोजवेल, जिमी कोनर्स, इवान लेंडल और आंद्रे अगासी – 8
