भारी बर्फबारी के बाद गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे 72 घंटों से बंद, जगह-जगह फंसे यात्री
देहरादून
उत्तराखंड में पर्वतीय जिलों में पिछले दो दिनों से बर्फबारी के बाद लोगाें की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। भारी बर्फबारी और बारिश की वजह से हुए भूस्खलन की वजह से सड़कें बंद हो गईं हैं। सड़कें बंद होने की वजह से पर्यटक जगह-जगह फंस गए हैं। प्रशासन की ओर से बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है, लेकिन खराब मौसम परेशानी खड़ी कर रहा है। उत्तरकाशी जिले में लगातार जारी बारिश और बर्फबारी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पिछले 72 घंटों से यातायात के लिए ठप पड़े हैं। इसके साथ ही जिले की 10 ग्रामीण सड़कें भी आवाजाही के लिए बंद हो गई हैं। सड़कें बंद होने से ग्रामीण इलाकों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह जगह भारी बर्फबारी के कारण पिछले कई घंटों से बंद पड़े हैं। गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से लेकर गंगोत्री तक करीब 40 किलोमीटर हिस्से पर हुई बर्फबारी के कारण यातायात के लिए ठप पड़ा हुआ है। यमुनोत्री हाईवे राडी टॉप के मध्य 12 किलोमीटर हिस्से में बर्फबारी के कारण बंद है। बीआरओ और एनएच की मशीनरी बर्फबारी वाले स्थानों पर लगातार हाईवे को खोलने में जुटी हुई है। इसके साथ ही उत्तरकाशी में लोनिवि की दो भटवाड़ी की 3, बड़कोट के तीन, पुरोला की 2 ग्रामीण सड़कें आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद है।
पौड़ी में बर्फबारी से स्टेट हाईवे थलीसैंण-चौरीखाल अवरुद्ध
सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला ही रहा। जिलेभर में रुक-रुक कर पूरे दिन बारिश होती रही। बीते दो दिनों से मौसम के मिजाज के कारण जिले के सभी ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम सर्द हो गया है और सर्द हवाओं से ठिठुरन भी बढ़ गई है। जिले के चौरीखाल में बीती रात हुई बर्फबारी के कारण स्टेट हाईवे भी बाधित हो गया है। जबकि मलबा आने के कारण जिले की दो अन्य सड़कें भी यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई है। जिले के ऊंचाई वाले हिस्से चौरीखाल में बर्फबारी के कारण स्टेट हाईवे भी बाधित हो गया। पौड़ी मुख्यालय सहित थलीसैंण, चौरीखाल, दीवाडांडा आदि क्षेत्रों में मौसम खासा सर्द बना हुआ है। रविवार की रात हुई बर्फबारी के कारण थलीसैंण का स्टेट हाईवे थलीसैंण-चौरीखाल-चिपलघाट सोमवार को दोहपर तक भी बाधित रहा। पाबौ लोनिवि ने सड़क से बर्फ को हटाने के लिए जेसीबी लगाई है। पाबौ डिवीजन के ईई केएस नेगी ने बताया कि है कि बर्फबारी अधिक होने के कारण दोपहर तक सड़क को यातायात के लिए नहीं खोला जा सका है। हालांकि हाईवे के दोनों तरफ कोई वाहन या यात्री फंसा नहीं है। हाईवे से बर्फ को हटाया जा रहा है।
