बिहार में पप्‍पू यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं संग रोकी रेल, विशेष राज्‍य का दर्जा और MSP गारंटी की मांग

पटना
बिहार को विशेष राज्‍य का दर्जा और एमएसपी गारंटी दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्‍य व्‍यापी आंदोलन किया। जगह-जगह रेल चक्‍का जाम कर नारेबाजी की। इस दौरान पटना में सचिवालय हाल्‍ट पर भागलपुर जा रही ट्रेन को पूर्व सांसद पप्‍पू यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं संग रोक दिया। नारेबाजी करते हुए पार्टी कार्यकर्ता ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्‍हें हटाने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता अड़ रहे। इस मौके पर पप्‍पू यादव ने कहा कि बिहार में वार्ड सचिवों की नौकरी खत्‍म की जा रही है। किसान परेशान हैं। उन्‍हें खाद की बजाए पुलिस की मार मिल रही है। आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए पप्‍पू यादव ने सरकार और विपक्ष दोनों पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि लालू यादव ने कहा था कि हमारी लाश पर बिहार बंटेगा लेकिन भाजपा के साथ मिलकर उन्‍होंने राज्‍य को बंटवा दिया। उन्‍होंने कहा कि विपक्ष को न विशेष राज्‍य चाहिए, न जातीय जनगणना। यह लड़ाई जन अधिकार पार्टी की है।

जन अधिकार पार्टी के अध्‍यक्ष ने कहा कि कोरोना को लेकर भी सरकार की नीति स्‍पष्‍ट नहीं है। कहीं चुनाव और रैली में कोरोना गायब हो जाता है। सरकारों ने नाइट कर्फ्यू लगाया है तो क्‍या दिन में कोरोना गायब हो जाता है। रात में आ जाता है। उन्‍होंने कोरोना मौत के मानकों को लेकर भी सवाल उठाया। उधर, कार्यकर्ताओं ने दीदारगंज रेलवे हॉल्‍ट के पास भी कुछ देर के लिए ट्रेन का संचालन रोक दिया। इस दौरान पूर्वा एक्‍सप्रेस और राजगीर दानापुर पैसेंजर ट्रेन का परिचालन कुछ देर के लिए बाधित हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *