CM उद्धव कर सकते हैं ऐलान-महाराष्ट्र में और प्रतिबंध लगाने की जरूरत, कोविड-19 टास्क फोर्स ने की सिफारिश
नई दिल्ली
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए महाराष्ट्र में अभी और भी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। दरअसल राज्य में कोविड नियंत्रण के लिए बनाई गई कोविड-19 टास्क फोर्स ने उद्धव ठाकरे सरकार से सिफारिश की है कि यहां सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिबंधों को और बढ़ाया जाए।
क्या कहा टास्क फोर्स ने गुरुवार को कोविड-19 टास्क फोर्स में शामिल अधिकारियों ने 2 घंटे की लंबी बैठक की। इस बैठक में राज्य में कोरोना वायरस को लेकर ताजा हालात पर चर्चा की गई। टास्क फोर्स के अधिकारी बैठक के दौरान इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि राज्य में कोविड के बढ़ते केसों के मद्देनजर अभी और भी प्रतिबंध लगाए जाने की जरुरत है। टास्क फोर्स ने उन टेस्ट किटों पर भी चर्चा की है जो यह पता लगाने में नाकाम हुए हैं कि कोई मरीज कोरोना के किस वेरिएंट (डेल्टा या ओमिक्रॉन)से संक्रमित है।
बैठक में इस बात भी चर्चा की गई है कि Monupiravir दवा की कमी ना हो इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक के बाद टास्क फोर्स और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों ने राज्य में और प्रतिबंध बढ़ाने की सिफारिश की है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि प्रतिबंध लगाने पर अंतिम फैसला राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लेंगे। जिसके बाद इस बात की उम्मीद है कि सीएम आज नए प्रतिबंधों को लेकर कुछ ऐलान कर सकते हैं। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोविड के बढ़ते केसों को काफी गंभीरता से लिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आर्थिक राजधानी मुंबई में प्रत्येक दो दिन के बाद केस डबल हो रहे हैं। यह गंभीर बात है। उन्होंने बताया कि बैठक में सभी की आम राय यहीं थी कि भीड़ की वजह से कोरोना के केस बढ़ सकते हैं इसलिए इसे नियंत्रित किया जाना जरुरी है।
2 राज्यों में बढ़े केस
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुंबई और ठाणे इन दो जिलों में संक्रमित केसों की संख्या बढ़ी है। मुंबई में दैनिक पॉजिटिविटी रेट 8.48 फीसदी, जबकि ठाणे में 5.25 फीसदी थी। अधिकारियों के मुताबिक संक्रमितों की बढ़ती संख्या इस बात की ओर इशारा कर रही है कि ओमिक्रॉन वेरिएंट फैल रहा है।
