मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में पीपल और सप्तपर्णी का पौधा रोपा

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में मिशन समर्पण संस्था के राकेश नागर, श्रीमती आकांक्षा राठौर, शुभम राय और कक्षा 6 के विद्यार्थी रूद्रप्रताप सिंह के साथ पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल और सप्तपर्णी का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री चौहान पर्यावरण संरक्षण और वृक्षा-रोपण की गतिविधियों में सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण करते हैं।

संस्था का परिचय
मुख्यमंत्री चौहान ने संस्था के पदाधिकारियों से गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। संस्था पिछले डेढ़ साल से वृक्षा-रोपण और पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय है। शिक्षित और कौशलयुक्त प्रदेश के निर्माण के लिए गतिविधियों के संचालन के साथ ही कोरोना संक्रमित नागरिकों के सहयोग और नकारात्मकता से प्रभावित व्यक्तियों को भावनात्मक समर्थन एवं सहयोग देने के लिए विशेष गतिविधियाँ संचालित की।

पीपल और सप्तपर्णी
पीपल एक छायादार वृक्ष है। यह पर्यावरण शुद्ध करता है। इसका धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व है। प्रकृति विज्ञान के अनुसार पीपल का वृक्ष दिन-रात दोनों समय ऑक्सीजन छोड़ता है, जो हमारे पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा पीपल के पेड़ को अक्षय वृक्ष भी कहा जाता है क्योंकि ये पेड़ कभी भी पत्तेविहीन नहीं होता। सप्तपर्णी का पौधा एक सदाबहार औषधीय वृक्ष है, जिसका आयुर्वेद में बहुत महत्व है। इस औषधीय पौधे का उपयोग विभिन्न दवाओं के निर्माण में किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *