ठंड से ठिठुरी दिल्ली, 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा न्यूनतम तापमान, सोमवार रहा, जफरपुर रहा सबसे ठंडा

नई दिल्ली
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद चल रह शीतलहर के चलते राजधानी दिल्ली का पारा सोमवार को चार डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से पांच डिग्री कम है। दिल्ली के लोगों को सोमवार के दिन भी कंपकंपाने वाली ठंड का सामना करना पड़ा।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के चलते पिछले दो दिनों से दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाके में कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। सोमवार को दिल्ली के मानक सफदरजंग मौसम केन्द्र का न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे ठंडी सुबह रही।

इससे पहले रविवार के दिन न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। हालांकि, रविवार की तुलना में दिन के तापमान में हल्का इजाफा दर्ज किया गया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। हालांकि, रविवार को अधिकतम पारा 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार के दिन भी दिल्ली के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

दिल्ली में जफरपुर रहा सबसे ठंडा
दिल्ली का जफरपुर इलाका सोमवार के दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक यहां के निगरानी केंद्र में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि, लोधी रोड मौसम केंद्र में भी न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *