प्रदेश में 14 से 28 जनवरी तक होगा आनंद उत्सव – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में 14 से 28 जनवरी 2022 तक आनंद उत्सव आयोजित किया जाएगा। हाल ही में वाराणसी में विभिन्न राज्य में संचालित नवाचारों पर हुए प्रस्तुतिकरण में मध्यप्रदेश की ओर से आनंद विभाग पर केंद्रित प्रस्तुतिकरण किया गया था। इसे विभिन्न राज्यों द्वारा बहुत सराहा गया। कई राज्य आनंद विभाग की गतिविधियों का अनुसरण करने के इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री चौहान मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित कर रहे थे। मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम के गान के साथ आरंभ हुई।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में आनंद विभाग की गतिविधियों को बढ़ाया जाएगा। इसमें अल्पविराम, आनंद घर, आनंद कैलेंडर और आनंद शिविर जैसी गतिविधियाँ संचालित होंगी। प्रदेश में वर्तमान में 170 स्थानों पर आनंद घर संचालित है।

मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्री साथियों को अपने विभागों की गतिविधियों में केंद्र से अधिक से अधिक सहयोग प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश में विकास और जन-कल्याणकारी गतिविधियों का और अधिक विस्तार हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *