ब्लिंकन बोले – अमेरिका की म्यांमार पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी

क्वालालंपुर
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि बाइडन प्रशासन म्यांमार में सैन्य शासकों पर लोकतंत्र की बहाली का दबाव डालने के लिए कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। ब्लिंकन ने कहा कि म्यांमार में तख्तापलट होने के बाद से पिछले दस महीनों में हालात बद से बदतर हो गए हैं। लाखों की तादाद में लोगों की गिरफ्तारी की गई है और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ काफी हिंसा भी हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों के नरसंहार और दमन पर बहुत सक्रियता से नजर रख रहा है। ब्लिंकन ने कहा कि आने वाले हफ्ते और महीने इस लिहाज से बहुत अहम होने वाले हैं कि सैन्य प्रशासन वहां लोकतंत्र बहाली के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाता है। सैन्य सरकार पर अमेरिकी प्रशासन लगातार दबाव बढ़ाता जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन ने मलेशिया दौरे के दौरान बुधवार को यह बात कही। उन्होंने दक्षिणपूर्वी एशियाई देशों से भी कहा कि उन्हें म्यांमार के इस रवैये पर आत्ममंथन करना चाहिए और उसके प्रति कुछ कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मलेशिया के विदेश मंत्री सैफुद्दीन अब्दुल्ला की मौजूदगी में कहा कि म्यंमार के सरकारी तेल और गैर सेक्टर पर प्रतिबंध लगाने को कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने म्यांमार के जुंटा से कहा कि जिन भी लोगों को जबरन बंदी बना कर रखा गया है, उन्हें रिहा कर दिया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि म्यांमार में लोकतांत्रिक सरकार हटाकर सेना ने इसी साल फरवरी में सत्ता पर कब्जा कर लिया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *