मंडी भाव: सरसों, सोयाबीन समेत सभी खाद्य तेलों के भाव गिरे
नई दिल्ली
विदेशी बाजारों में गिरावट के बीच देशभर के तेल-तिलहन बाजारों में बृहस्पतिवार को सरसों, मूंगफली, सोयाबीन, पामोलीन सहित लगभग सभी तेल तिलहनों की कीमतों में नरमी आई। वहीं, इंदौर के खाद्य तेल बाजार में बृहस्पतिवार को सोयाबीन रिफाइंड पांच रुपये और पाम तेल के भाव में पांच रुपये प्रति 10 किलोग्राम की कमी आयी। कपास्या खली 25 रुपये प्रति 60 किलोग्राम सस्ती बिकी। जबकि, स्थानीय संयोगिता गंज अनाज मंडी में बृहस्पतिवार को मसूर 50 रुपये और तुअर (अरहर) के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई। चना की दाल 50 रुपये एवं तुअर की दाल 50 रुपये प्रति क्विंटल महंगी बिकी।
बाजार सूत्रों ने कहा कि मलेशिया एक्सचेंज में 1.5 प्रतिशत की गिरावट थी, जबकि शिकॉगो एक्सचेंज में फिलहाल लगभग 1.25 प्रतिशत की नरमी है। उन्होंने कहा कि विदेशी बाजारों में गिरावट से कारोबार का रुख मंदा हो गया और लगभग सभी तेल-तिलहनों के भाव में नरमी कायम हो गई। सूत्रों ने कहा कि सरकार को तेल तिलहनों के शुल्कों में कमी किए जाने के बाद कीमतों में आई गिरावट का लाभ आम उपभोक्ताओं को सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित करनी चाहिए, जो निरंतर तेल तिलहन कीमतों की घट-बढ़ पर नजर रखे।
