राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने स्वावलंबी मंडल के लिए टिप्स दिए

उज्जैन
तीन दिन से मध्यप्रदेश में बैठकें ले रहे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष मोर्चा पदाधिकारियों और मंत्रियों के काम, व्यवहार से संतुष्ट नहीं हैं। इस बीच उन्होंने सीहोर में जिला कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने पर जोर दिया और यहां तक कहा कि जल्दी ही लौटकर आऊंगा और जिसने काम नहीं किया, उसकी खबर लूंगा। संतोष के इस वक्तव्य के मायने निकाले जा रहे हैं।

उधर वे आज उज्जैन में मंडल कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं और शाम को इंदौर वापस लौटकर बुद्धिजीवी वर्ग के साथ संवाद करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष तीन दिन से भोपाल, इंदौर और उज्जैन में लगातार बैठकें कर रहे हैं। संतोष ने सबसे पहली बैठक बूथ कार्यकर्ताओं की ली और इसके बाद मोर्चा, प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, मंत्रियों, सीहोर जिला कार्यसमिति की बैठकें ले चुके हैं।

संतोष ने अब तक मध्यप्रदेश प्रवास की बैठकों को लेकर कोई ट्वीट भी नहीं किया है जबकि इसके पहले मणिपुर प्रवास के दौरान उन्होंने कई ट्वीट किए थे। ऐसे में अब पार्टी नेता उनके दौरे के परिणामों के कयास लगा रहे हैं। उधर मंत्रियों की समय से बैठक में न आने और वर्क प्लानिंग से भी संतोष संतुष्ट नहीं हुए हैं। सबसे अधिक खिंचाई मोर्चा पदाधिकारियों की हुई है क्योंकि अब तक मोर्चों के जिला अध्यक्ष और कार्यकारिणी की घोषणा तक नहीं हो सकी है। संतोष की सख्ती के बाद लगातार दो दिनों से मोर्चा अध्यक्ष अपने जिलों के अध्यक्ष घोषित कर रहे हैं। संतोष ने 30 नवम्बर तक जिला अध्यक्ष और अगले तीस तारीख तक जिलों की मोर्चा कार्यकारिणी घोषित करने की नसीहत भी दी है। उधर संतोष के सीहोर में कार्यकर्ताओं के बीच दिए गए उस वक्तव्य के मायने भी निकाले जा रहे हैं कि जल्दी लौटकर आऊंगा और जिसने काम नहीं किया, उसकी जानकारी लेकर कार्यवाही की जाएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष द्वारा उज्जैन में ली जाने वाली बैठक को लेकर कहा कि बैठक में स्वावलंबी मंडल को लेकर चर्चा की गई है। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने मंडल पदाधिकारियों से स्वावलंबन और मंडल की आत्मनिर्भरता को लेकर चर्चा की है। इस मंडल में होने वाली चर्चा मंडलों के काम के मॉडल के तौर पर सामने आएगी जिसे अन्य मंडलों में भी प्रभावी करने का काम किया जाएगा। इसके पहले शर्मा ने संतोष के साथ बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजा अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *