कुमार विश्वास को सपा में आने का न्योता दिया मुलायम सिंह ने
लखनऊ
लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सपा महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव की पुस्तक 'राजनीति के उस पार' का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुलायम-अखिलेश समेत कई दलों के नेता शामिल हुए। समारोह में कवि कुमार विश्वास ने भी शिरकत की और लोगों की नजरें उन्हीं पर टिकी रहीं। मौके की नजाकत को भांपते हुए मुलायम सिंह ने कुमार विश्वास को सपा में शामिल होने का प्रस्ताव भी दे दिया।
इस दौरान कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा और अखिलेश की तारीफें कीं। केजरीवाल पर हमला करते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि मैं जिसे बसाकर आया था, उन्होंने भगा दिया और दूसरे लोग सोच रहे हैं हमारे पास आ जाए। कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव से कहूंगा कि लड़े संघर्ष करें, देश को आपकी जरूरत है। देश में जो चल रहा है वह चिंताजनक है। यहां गुस्से का ताप कम होने की जरूरत है। इस मिट्टी की तासीर ऐसी है कि कभी ज्यादा नफरत सहन नहीं करती।
'आज सबको देश की चिंता है'
मुलायम ने आगे कहा, 'जब-जब चुनौती आई है देश के सामने, सब देश के साथ खड़े हो गए। कोई गलत भावना नहीं है। एकता की भावना से देश का विकास होगा। आज सबको देश की चिंता है। मुझे खुशी है कोई द्वेष भावना नहीं है। सबको मिलकर देश की चिंता करनी है। मैं सबको धन्यवाद देता हूं,स्वागत करता हूं।'
'मुलायम इमोशन का नाम हैं'
कार्यक्रम में मौजूद कुमार विश्वास ने कहा, 'मुलायम सिंह नेता नहीं भावना हैं। मुलायम सिंह को सदियां याद करेंगी, आने वाली पीढ़ी मुलायम की महानता याद करेगी, मुलायम सिंह इमोशन का नाम हैं।' कुमार विश्वास ने वर्तमान हालातों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा देश में जो चल रहा चिंताजनक है, लोकतंत्र में लोगों की बात सुनी जाए।
