संसद के शीतकालीन सत्र से पहले तीन दिन के लिए दिल्ली आएंगी ममता बनर्जी, विपक्षी नेताओं से मुलाकात संभव
नई दिल्ली
29 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी के साथ-साथ विपक्ष ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विपक्ष सदन में सरकार को घेरने की हर रणनीति तैयार कर रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एकबार फिर से दिल्ली के दौरे पर रहने वाली हैं। ममता बनर्जी 22 नवंबर से 25 नवंबर तक दिल्ली में रहेंगी, जहां वो विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर सदन में बीजेपी का मुकाबला करने के लिए रणनीति पर चर्चा करेंगी।
ममता बनर्जी विपक्षी नेताओं से कृषि कानूनों को वापिस लिए गए फैसले को लेकर चर्चा कर सकती हैं, क्योंकि अभी इस कानून को संवैधानिक प्रक्रिया से गुजरना है, जिसके बाद ही ये वापिस होगा। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 नवंबर को प्रकाश पर्व के मौके पर कृषि कानूनों को वापिस लेने का ऐलान किया था। पीएम मोदी ने किसानों के उग्र विरोध के बाद इन कानूनों को वापिस लेने का ऐलान किया है।
