कश्मीर में शहीद हुए बेगूसराय के लाल लेफ्टिनेंट ऋषि रंजन, 22 नवंबर को आनेवाले थे घर, परिवार में मचा कोहराम

 बेगूसराय 
कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार दोपहर एक लैंडमाइन ब्लास्ट में सेना के अधिकारी व बेगूसराय के लाल ऋषि रंजन शहीद हो गए। ऋषि जवान के साथ राजौरी जिले के नौवेशरा के लाम सेक्टर में कलाल एरिया पर गश्त कर रहे थे। नियमित गश्त के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक लैंडमाइन विस्फोट हो गया। 

सेना के जवान अचानक हुए इस ब्लास्ट की चपेट में आ गए। इस घटना में एक लेफ्टिनेंट और चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेफ्टिनेंट की इलाज के दौरान मौत हो गई। ऋषि का परिवार बेगूसराय के पिपरा मोहल्ला में रहता है। वे राजीव रंजन सिंह के पुत्र थे। उनके शहीद होने की खबर मिलते और परिवार में कोहराम मच गया, साथ ही जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गयी। 

पिता और मां सरिता देवी समेत अन्य रिश्तेदारों के रोने बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। तीन भाई बहनों में ऋषि दूसरे नंबर पर था। एक माह पूर्व ही उनकी पोस्टिंग हुई थी। शहीद लेफ्टिनेंट की बड़ी बहन भी सेना में मेजर के पद पर कार्यरत हैं। शहीद ऋषि परिवार का इकलौता पुत्र था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *