प्रत्याशी नहीं दे रहे चुनावी खर्च का ब्यौरा, नोटिस जारी
भोपाल
प्रदेश में जोबट, रैगांव, पृथ्वीपुर विधानसभा और खंडवा लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय समय पर चुनाव आयोग के फार्मेट में खर्च का ब्यौरा नहीं भेज रहे हैं। ऐसे में रिटर्निंग अधिकारियों ने प्रत्याशियों को नोटिस थमाने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
व्यय प्रेक्षकों द्वारा इसकी निगरानी की जा रही है। रैगांव में पांच उम्मीदवारों को नोटिस थमाए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 77 के परिपालन में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को मतदान से पूर्व कम से कम 3 बार निर्वाचन व्यय लेखा अवलोकन के लिए रिटर्निंग आॅफिसर की समक्ष में प्रस्तुत करना अनिवार्य है। उधर जोबट में भाजपा प्रत्याशी द्वारा खाटला में हुई सभा का खर्च अपने व्यय में नहीं जोड़ा गया है। इस पर व्यय प्रेक्षक ने रिटर्निंग अफसर के जरिये जानकारी चाही है। इसके अलावा पृथ्वीपुर और खंडवा में भी ऐसे मामलों की निगरानी की जा रही है और आज रोस्टर के आधार पर जानकारी न देने वाले अभ्यर्थियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
सतना जिले के रैगांव उपचुनाव के लिए रोस्टर कार्यक्रम के अनुसार 18 अक्टूबर को 5 अभ्यर्थियों द्वारा अपना दैनिक निर्वाचन व्यय लेखा का निरीक्षण नहीं कराया गया है। इसे देखते हुए रिटर्निंग आॅफिसर रैगांव ने अनुपस्थित रहे 5 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है। जिन उम्मीदवारों को नोटिस जारी हुए हैं उनमें निर्दलीय कल्पना वर्मा, निर्दलीय दद्दू प्रसाद अहिरवार, सैनिक समाज पार्टी के राजा भैया कोरी, निर्दलीय बाल गोविंद चौधरी और निर्दलीय बच्चा सिसोदिया के नाम शामिल हैं।
