यूनेस्को की स्टेट ऑफ द एजुकेशन रिपोर्ट का हवाला देकर नाथ बोले प्रदेश में गिर रहा शिक्षा स्तर

भोपाल
रैगांव में चुनावी सभा करने से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने यूनेस्को की स्टेट आॅफ द एजुकेशन रिपोर्ट फॉर इंडिया 2021 के आधार पर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 87 हजार से अधिक शिक्षकों की आवश्यकता है, 21 हजार स्कूलों में सिर्फ एक-एक शिक्षक हैं। शिक्षकों की कमी के कारण प्रदेश में शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। नाथ ने आरोप लगाया कि 17 साल से भाजपा की सरकार होने के बाद भी शिक्षा के क्षेत्र में यह दुर्दशा कर प्रदेश की भावी पीढ़ी का भविष्य खतरे में डाला जा रहा है।

कमलनाथ आज सतना जिले के रैगांव में कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना वर्मा के समर्थन में सभा करने के लिए पहुंचे हैं। सतना रवाना होने से पहले उन्होंने भोपाल में यूनेस्को की स्टेट आॅफ द एजुकेशन रिपोर्ट फॉर इंडिया के आधार पर कहा कि इस रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 89 प्रतिशत स्कूलों में इंटरनेट की वयवस्था नहीं है। एजुकेशन में मध्य प्रदेश का स्थान देश के निम्नतम 4 राज्यों में शुमार है। शालाओं में कम्प्यूटर की व्यवस्था के मामले में प्रदेश सबसे नीचे के पायदन पर है।  नाथ ने कहा कि यह डिजिटल मध्य प्रदेश का सत्य है। प्रदेश के नौनिहालों को कम्प्यूटर और इंटरनेट की व्यवस्था किए बिना कैसे प्रदेश को डिजिटल मध्य प्रदेश बनाया जाएगा। कैसे प्रदेश की नई पीढ़ी दुनिया से कदम से कदम मिलाकर चल सकेगी। आज का युग कम्प्यूटर , इंटरनेट का है। ई- एजुकेशन का युग है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *