वेटनरी यूनिवर्सिटी ने बनायी जानवरों के लिए कैंडी, गाय और भैंस के लिए बेहद उपयोगी
जबलपुर
अब जानवरों के लिए भी चॉकलेट आने वाली है. एक के बाद एक नये प्रयोग और काम कर रहे जबलपुर के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय की ये नयी उपलब्धि है. यहां के विशेषज्ञों ने एक खास किस्म की कैंडी चॉकलेट तैयार की है जो विशेष तौर पर गाय और भैंस के लिए बेहद उपयोगी होगी. यह चॉकलेट खाने में स्वादिष्ट होगी और इससे तमाम पोषक तत्व भी जानवरों को मिल सकेंगे.
जबलपुर का नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय अपने नये आइटम के साथ फिर हाजिर है. इस बार वो प्रोटीन और विटामिन से भरपूर चॉकलेट लेकर आया है. ये चॉकलेट जानवरों के लिए है.
अब चॉकलेट की दीवानगी सिर्फ आम इंसानों तक ही सीमित नहीं रहेगी बल्कि बच्चों और बड़ों के साथ जानवर भी चॉकलेट खा सकेंगे. जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय में एक खास किस्म की कैंडी तैयार की है. इसे “नर्मदा विटामिन लिक“ नाम दिया गया है. लेकिन यह चॉकलेट आम इंसानों की चॉकलेट से अलग है क्योंकि इसे खाने से किसी भी तरह का नुकसान नहीं बल्कि फायदा ही फायदा होगा. ये चॉकलेट खासतौर से गाय भैंस के लिए है.
ऐसे समय जब गाय के लिए चारा और भूसे का उपलब्ध न हो तो यह कैंडी उन्हें खिलायी जा सकती है. ये कैंडी उनकी सेहत के लिए बेहद लाभकारी होगी. ये चॉकलेट आयोडीन, गुड सहित कई आवश्यक चीजों को मिलाकर तैयार की गयी है. जानवरों को ये खाने में मीठी और स्वादिष्ट लगेगी. जानवर इससे लिक याने चाट कर खा सकेंगे. एक कैंडी करीब करीब तीन से चार दिन में खत्म होगी.
