हाथी दांत के साथ तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़
कांशीराम चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय में हाथी के दो दांत को साड़ी में लपेटकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे युवक को जूटमिल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हाथी के दांतों की कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही हैं। अभी यह पता नहीं चल सका है कि आरोपी इस हाथी के दांत को कहां से लेकर आया था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी हैं।
जूटमिल पुलिस को शाम 7 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कोई शख्स साड़ी में हाथी के दांत छिपाकर उसे बेचने की फिराक में कांशीराम चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय में ग्राहक की तलाश में बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची और युवक को दरदबोचा। पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था लेकिन जब पुलिस ने उसके पास रखे थैले को तलाश किया तो उसमें 16 इंच लंबे हाथी के 2 दांत रखे हुए मिले जिसे वह साड़ी में लपेटकर रखा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार (28) उर्फ पिंटू खटर्जी अंबेडकर नगर डीपापारा हनुमान मंदिर के पास रहने बताया। फिलहाल पुलिस ने उससे दांत को जब्त कर लिया है और इस हाथी के दांत को कहां से लेकर आया था इस संबंध में अभी तक पुलिस को कुछ भी पता नहीं चल सका है। फिलहाल पूछताछ के बाद ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।
