उपचुनाव: भितरघात की आशंका से भाजपा-कांग्रेस में खलबली

भोपाल
उपचुनाव में अब कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपनी-अपनी पार्टी के नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने में जुट गई है। दोनों ही दलों में टिकट के बाद नाराजगी उभर कर सामने आई है। नामांकन भरने के बाद अब मनाने का दौर तेज हो गया है। जोबट में जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने दलों के नाराज नेताओं को मना रही है। वहीं रैगांव में भाजपा बागरी परिवार में सुलह करवाने में जुटी है। वहीं कांग्रेस इस क्षेत्र के एक कद्दावर नेता की नाराजगी दूर करने का प्रयास कर रही है।

जोबट से कांग्रेस की विधायक रह चुकी कलावती भूरिया के भतीजे दीपक भूरिया ने निर्दलीय पर्चा भरकर कांग्रेस की मुश्किल बढ़ा दी है। कांग्रेस से महेश पटेल को टिकट मिलने के बाद से वे नाराज चल रहे थे। उन्हें मनाने की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और यहां के प्रभारी रवि जोशी को दी गई है। वहीं भाजपा भी यहां के स्थानीय नेताओं को मनाने का प्रयास कर रही है, ये नेता सुलोचना रावत को टिकट दिए जाने से नाराज हैं।

खंडवा लोकसभा सीट से दोनों ही दलों में भितरघात की आशंका है। इस पर दोनों ही दल सचेत हैं। यहां पर भाजपा से कई दावेदार थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने से वे सीधे तौर पर बगावत तो नहीं कर सके, माना जा रहा है कि उनकी टीम भाजपा उम्मीदवार को जीताने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करेगी। यही हाल कांग्रेस का है। यहां पर अरुण यादव के चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान  के बाद से उनकी टीम भी पूरी ताकत से यहां पर सक्रिय नहीं हो रही है। दोनों ही दलों के नेताओं की टीम को सक्रिय करवाने के लिए बड़े नेता क्षेत्र के नेताओं से बातचीत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *