तमिलनाडु में स्कूल खुलने के बाद से अभी तक 30 से अधिक छात्र और शिक्षक हुए कोरोना संक्रमित

चेन्नई
देश के कई राज्यों में कोरोना महामारी की दूसरी लहर कमजोर पड़ने के बाद स्कूलों को खोल दिया गया है, लेकिन स्कूल खुलने के साथ ही छात्र और शिक्षकों में संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। ताजा मामला तमिलनाडु से सामने आया है, जहां अभी तक 20 से अधिक छात्र और 10 से अधिक टीचर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। राज्य के अंदर 3 सितंबर से ही छात्रों और शिक्षकों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच मंगलवार को चेन्नई के एक प्राइवेट स्कूल में संक्रमण का ताजा मामला सामने आया।
 
दरअसल, प्राइवेट स्कूल का एक छात्र और उसके माता-पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद स्कूल के लगभग 120 छात्रों का कोविड टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट आना बाकी है। बताया जा रहा है कि ये छात्र और उसके माता-पिता ने बेंगलुरु का दौरा किया था। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि अगर किसी स्कूल में छात्र या फिर टीचर में कोरोना संक्रमण पाया जाता है तो तुरंत उस स्कूल को सील कर दिया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसके लिए स्कूलों में रैंडम टेस्टिंग की जा रही है।

राज्य में 1 सितंबर से खोला गया है स्कूलों को
तमिलनाडु सरकार ने 1 सितंबर से राज्य में स्कूलों को फिर से खोला है। कई छात्रों के द्वारा ऑफलाइन कक्षाओं की मांग के बाद सरकार ने स्कूलों को फिर से खोला था। भले ही स्कूलों को खोलने से पहले स्कूल प्रशासन एहतियात के तौर पर सभी इंतजाम किए थे, लेकिन वो सभी उपाय धरे के धरे रह गए। स्कूलों को खोलने से पहले ये भी सुनिश्चित किया गया कि छात्रों और अन्य स्टाफ के सदस्यों को पूरी तरह से वैक्सीनेट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *