भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना

नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। मैच शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को क्वारंटाइन में रहना है। बीसीसीआई अधिकारी के अनुसार खिलाड़ियों को ब्रिसबेन के होटल के छोटे से कमरों में क्वारंटाइन किया गया है। खिलाड़ियों ने 14 दिन के कड़े क्वारंटाइन के चार दिन ही बिताए हैं और इसका असर खिलाड़ियों पर पड़ना शुरू हो गया है। बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) के अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि सरकार द्वारा मुहैया कराए जाने वाली क्वारंटाइन सुविधा में कमरे बहुत ही छोटे है जिसमें खिलाड़ी केवल हल्का अभ्यास ही कर पा रही हैं। अधिकारी ने कहा, 'कमरे बहुत ही छोटे हैं। आप इसमें ज्यादा ट्रेनिंग नहीं कर सकते। हालांकि वहां सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं हैं जैसा कि ब्रिटेन में खिलाड़ियों के साथ हुआ था लेकिन फिर भी क्वारंटाइन काफी कड़ा है। हालांकि जो खाना दिया जा रहा है, वो ठीक है और हर दिन खाने का मेन्यू बदल रहा है। लेकिन दो हफ्ते काफी चुनौतीपूर्ण होंगे।' जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर गई टीम इंडिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में खिलाड़ियों को क्वारंटीन के पहले हफ्ते में ही अभ्यास करने की अनुमति दे दी गई थी क्योंकि उन्होंने मुंबई में दो हफ्ते आइसोलेशन में बिताए थे।

बता दें कि महिला टीम तीन वनडे, एक डे-नाइट टेस्ट और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए सोमवार को ब्रिस्बेन पहुंची। सिडनी, पर्थ और मेलबर्न में कोविड-19 संबंधित पांबदियों के चलते कार्यक्रम में भी बदलाव हुआ। अब सभी मैच क्वींसलैंड में खेले जाएंगे और सीरीज दो दिन की देरी के बाद 21 सितंबर से शुरू होगी। इससे पहले इसी साल आस्ट्रेलिया का दौरा करने वाली पुरूष क्रिकेट टीम को अपने क्वारंटीन के दौरान सीमित समय के लिए ट्रेनिंग करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन महिला टीम 14 दिन तक होटल के कमरों तक ही सीमित रहेगी।    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *