PHQ: जिले की पुलिस को इंटरनेट पर बढ़ाना होगी सक्रियता
भोपाल
पुलिस मुख्यालय चाहता है कि जिला पुलिस जनहित में किए गए कामों की जानकारी अफसरों के द्वारा ही आम जनता को भी मिल सके। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों से इंटरनेट पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी पुलिस अधीक्षकों से इंटरनेट मीडिया के अकाउंट बनाने और उनके माध्यम से जनता से संवाद को बढ़ावा देने को कहा है। मध्य प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर भी जिलों की गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक करने की व्यवस्था की गई है। इससे कोई भी व्यक्ति अपने जिले या थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जान सकेगा। पुलिस अधिकारियों से अपनी ओर से भी जनहित की सूचनाओं को साझा करने को कहा गया है।
मध्य प्रदेश पुलिस तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को तेजी से अमल में लाने के लगातार प्रयास कर रही है। इसके चलते हीअब जिला पुलिस को इंटरनेट मीडिया का उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि पुलिस जो कार्रवाई करती है, उसकी जानकारी जनता तक पहुंचे। पुलिस मुख्यालय यह भी मानता है कि इससे जनता और पुलिस अधिकारियों के बीच आनलाइन माध्यम से संवाद का विकल्प खुलेगा।
इससे पुलिस तक पहुंचने वाली सूचनाओं का दायरा भी बढ़ेगा। इसके तहत पुलिस महानिदेशक के ट्विटर हैंडल से भी जानकारियां, सूचना और बधाई जैसे संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
