ब्रज से निकलेगा यूपी की जीत का रास्ता, पंचायत चुनाव में बीजेपी ने विपक्ष को दी है मात

आगरा

उत्तर प्रदेश की सियासत में भाजपा के लिए ब्रज क्षेत्र विशेष स्थान रखता है। अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर दीनदयाल उपाध्याय तक की जन्म और कर्मभूमि रहे ब्रज से भाजपा को सदैव संजीवनी मिली है। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा की झोली ब्रज ने खूब भरी। ऐसे में भाजपा अपने प्रत्येक मिशन की शुरूआत ब्रज क्षेत्र से करने को उत्सुक रहती है। मिशन 2022 के लिए तैयार रोड मैप का आगाज भी आगरा से करके भाजपा ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि विस चुनाव में ब्रज भूमि की अहम भूमिका है। भाजपा ब्रज क्षेत्र की रविवार को हुई बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साफ संदेश दिया कि यूपी फतेह का रास्ता ब्रज भूमि से होकर ही जाएगा। ब्रज क्षेत्र के 12 सरकारी जिलों में करीब 65 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें से भाजपा का 57 विधानसभा सीटों पर कब्जा है। इनमें बसपा को 2 और सपा के पास 6 सीटें हैं। 13 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने 12 सीटों पर जीत हासिल की है। आगरा मंडल की बात करें तो भाजपा ने यहां पिछले चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। हाथी को पटखनी देकर सभी नौ सीटों पर कब्जा किया। पंचायत चुनाव में भाजपा की बंपर जीत और ब्लाक प्रमुख सीटों पर कब्जे से भाजपा के कार्यकर्ता जोश से लबरेज हैं। रविवार की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मिशन 2022 के चुनाव के लिए इस प्रदर्शन को कायम रखने बल्कि और बेहतर काम करने पर जोर दिया। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में कुछ समय पूर्व आयोजित वृंदावन वैष्णव कुंभ को याद किया। कहा कि समूचे ब्रज क्षेत्र की पहचान मथुरा से है। उन्होंने कहा कि वैष्णव कुंभ सरकार की बेहतर व्यवस्थाओं का एक उदाहरण था। कार्यकर्ताओं को इससे सीखना चाहिए कि कोरोना काल की विपरीत परिस्थितियों में भी वैष्णव कुंभ का जिस प्रकार सफल आयोजन हुआ, उसी प्रकार विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक क्रियाकलाप किए जाएं। उन्होंने ब्रज तीर्थ क्षेत्र के विकास की योजनाओं को भी गिनाया।

 

इन कार्यक्रमों से माहौल बनाएगी भाजपा

9 से 15 अगस्त तक बैठकें चलेंगीं

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 9 अगस्त से लेकर 15 अगस्त तक बैठकों का दौर चलाया जाए। जिलों में इसके लिए लगातार कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को बुलाकर सरकार की योजनाएं, आगे के विस चुनाव की तैयारियों से अवगत कराएं।

 

16 से 20 तक जन आशीर्वाद यात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 16 अगस्त से लेकर 20 अगस्त तक जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। ये यात्रा पूरे प्रदेश में निकलेगी। इसके लिए केंद्र के छह मंत्रियों को कमान दी गई है। वे पूरे यूपी में जाएंगे। एक मंत्री एक दिन में चार जिलों में यात्रा पूरी करेगा।

 

23 से शक्ति केंद्रों पर बूथ सत्यापन

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 23 अगस्त से सभी शक्ति केंद्रों पर जिलों में बूथ सत्यापन का कार्य होगा। इसके लिए बूथ विजय करने के टिप्स देने होंगें ताकि हर हाल में आगामी विस चुनाव जीता जाए।

 

25 अगस्त से पन्ना प्रमुखों के होंगे सम्मेलन

25 अगस्त से जिलों में पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित होगा जो आगामी 15 सितम्बर तक चलेगा। हर वोटर लिस्ट के एक पन्ने पर दर्ज वोटरों पर ये पन्ना प्रमुख अपनी नजर रखेगा। पन्ने के 60 वोटरों में से किसी का वोट तो नहीं कटा, वोट डलवाने के लिए बूथ तक लाने आदि की जिम्मेदारी उसी की रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *