राशन की हर दुकान पर 100 राशन कार्ड धारकों को मिलेगा मुफ्त में गेहूं और चावल

 लखनऊ 
योगी सरकार पांच अगस्त को प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा राशन वितरण कार्यक्रम करने जा रही है। इस दिन 80 लाख राशन कार्ड धारकों को 80 हजार दुकानों से अनाज बंटेगा। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किए जा रहे राशन विरतण कार्यक्रम में प्रत्येक राशन की दुकान पर 100 राशन कार्ड धारकों को राशन बांटा जाएगा। इतना ही नहीं इसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी उत्तर प्रदेश के 80 हजार स्थानों पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। 

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस दौरान राशन कार्ड धारकों, जन प्रतिनिधियों, बोर्ड व निगमों के पदाधिकारियों से बातचीत भी करेंगे। योजना के तहत मिले लाभ से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी भी लेंगे। उनकी अन्य समस्याओं को भी उनसे साझा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच अगस्त को होने वाले इस महत्वूर्पण कार्यक्रम के लिए टीम-9 के अधिकारियों से प्रदेश में तैयारियां तेज करने को कहा है। सेक्टर प्रणाली के आधार पर सभी जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से ज्यादा से ज्यादा टेलीविजन सेट, वीडियो वॉल लगवाने को कहा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। 

केंद्र सरकार की ओर से ‘प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना’ के तहत नवम्बर तक और राज्य सरकार की ओर से अगस्त तक मुफ्त राशन दिया जाना है। 25 करोड़ की आबादी वाले राज्य यूपी के 14.81 करोड़ लाभार्थियों को हर माह निशुल्‍क राशन दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से पिछले साल अप्रैल से नवंबर तक और इस साल मई से जुलाई तक करीब 9 करोड़ 99 लाख 97 हजार 815 कुंतल निशुल्क राशन बांट दिया गया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से 16 महीने तक प्रति यूनिट पांच किलो राशन दिया गया,  एक व्यक्ति को 80 किलो राशन अभी तक दिया जा चुका है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *