Olympics में शरत कमल टेबल टेनिस के तीसरे दौर में

   टोक्यो

          भारत के शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल ने शुरू में पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए टोक्यो ओलंपिक में व्यक्तिगत मुकाबले के दूसरे दौर में पुर्तगाल के टियागो अपोलोनिया को 4-2 से हराया.

शरत कमल ने 49 मिनट तक चले इस मैच में 2-11, 11-8, 11-5, 9-11, 11-6, 11-9 से जीत दर्ज की. भारतीय खिलाड़ी को तीसरे दौर में चीन के मा लांग की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा.

मनिका बत्रा भी महिला एकल के तीसरे दौर में जगह बना चुकी हैं. विश्व रैंकिंग में 62वें नंबर की मनिका ने रविवार को यूक्रेन की 20वीं वरीयता प्राप्त मारग्रेट पेसोत्सका को 57 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4-3 से (4-11, 4-11, 11-7, 12-10, 8-11, 11-5, 11-7) से हराया था. तीसरे दौर में उनका मुकाबला सोमवार को ऑस्ट्रिया की सोफिया पोलकानोवा से होगा. भारत के एक अन्य खिलाड़ी जी साथियान रविवार को पुरुष एकल के दूसरे दौर में हार गए थे.

अब विश्व चैम्पियन का सामना करेंगे शरत कमल

शरत कमल को तीसरे दौर में चीन के मौजूदा चैम्पियन मा लांग की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. लांग अभी विश्व चैम्पियन भी हैं. उन्होंने इस खेल से जुड़ा हर खिताब जीता है.

शरत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टियागो ने पहले गेम में लगातार नौ अंक बनाकर उसे आसानी से अपने नाम किया. शरत ने हालांकि दूसरे गेम में 5-0 की बढ़त बनाकर अपना आत्मविश्वास जगाया. टियागो ने बीच में वापसी की कोशिश की, लेकिन 39 साल के शरत बढ़त बरकरार रखने में कामयाब रहे. इस बीच भारतीय खिलाड़ी का ‘मूवमेंट’ अच्छा रहा.

तीसरे गेम में भी शरत ने 5-0 की बढ़त से शुरुआत की और आसानी से यह गेम अपने नाम करके मैच में 2-1 से आगे हो गए. शरत चौथे गेम में भी एक समय आगे थे, लेकिन टियागो ने पहले स्कोर 7-7 से बराबर किया और फिर यह गेम जीतकर मैच को बराबरी पर ला दिया.

भारतीय खिलाड़ी की शुरुआती बढ़त के बाद पांचवें गेम में भी स्कोर एक समय 4-4 से बराबर था. शरत इसके बाद टेबल के अधिक करीब आकर खेलने लगे. इसका उन्हें फायदा मिला. उन्हें पांच गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने बैकहैंड पर अंक बनाकर मैच में फिर से बढ़त हासिल कर ली.

छठे गेम में काफी कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर 9-9 से बराबर हो गया. शरत ने हालांकि आक्रामकता दिखाई और लगातार दो अंक लेकर मैच अपने नाम किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *