बीएस येदियुरप्पा ने दिया कर्नाटक सीएम पद से इस्तीफा, जल्द चुना जाएगा नया मुख्यमंत्री
बेंगलुरु
कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा देने का फैसला किया है. उन्होंने भाषण के दौरान इस्तीफा देने की घोषणा की. बता दें कि मुख्यमंत्री ने करीब 35 मिनट तक भाषण दिया. इस दौरान कई बार उनकी आंखों में आंसू भी आ गए. सीएम येदियुरप्पा ने बताया कि कैसे उन्होंने पार्टी को इस लेवल तक पहुंचाया.
इस्तीफे का ऐलान करते हुए बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि इन दो सालों में मुझे राज्य के लिए बहुत ज्यादा काम करने का मौका नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के चलते बहुत सी चीजें थम गई हैं और ज्यादा काम का मौका ही नहीं मिल पाया। इस बीच बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने राज्य के प्रभारी अरुण सिंह से हालात पर चर्चा की है। राज्य में नए सीएम के चुनाव के लिए जल्दी ही पर्यवेक्षकों की नियुक्ति हो सकती है, जो राज्य में विधायक दल की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। इस बैठक के दौरान ही बीएस येदियुरप्पा के विकल्प के तौर पर नए सीएम का ऐलान किया जा सकता है।
बता दें कि येदियुरप्पा के इस्तीफे को लेकर बीते दो महीनों से लगातार कयास लग रहे थे, लेकिन उनकी ओर से कई बार इसे खारिज किया जा चुका था। हालांकि पिछले सप्ताह उन्होंने कहा था कि वीकेंड तक कोई बड़ा संदेश हाईकमान की ओर से आ सकता है। इससे यह माना जा रहा था कि सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर येदियुरप्पा को कर्नाटक की कुर्सी खाली करने का संदेश मिल सकता है।
कर्नाटक के सीएम येदियुरप्पा के इस्तीफा देने के बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के प्रभारी अरुण सिंह के साथ संसद भवन के अपने कमरे में हालात पर चर्चा की. सूत्रों के मुताबिक, कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर लिंगायत समाज के नेता मृगेश निरानी, बसवराज बोम्मई, वोक्कालिगा समाज के नेता अस्वथ नारायण, आर अशोक, सी टी रवि और ब्राह्मण जाति के नेता
प्रह्लाद जोशी के नाम पर चर्चा की जा रही है.
भाषण में सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि लंच के बाद वह सीधे राज्यपाल के पास जाएंगे और अपना इस्तीफा देंगे. मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार भी जताया. उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों की सेवा का मौका देने के लिए पीएम मोदी और गृह मंत्री का जितना धन्यवाद करूं उतना कम है.
सीएम येदियुरप्पा ने कहा कि शिवमोगा में मेरा राजनीतिक करियर शुरू हुआ. शिकारीपुरा की जनता ने 7 बार मुझे अपना विधायक चुना. आप सभी की परमिशन से आज लंच के बाद मैंने गवर्नर को इस्तीफा सौंपने का फैसला किया है. मैं इससे दुखी नहीं हूं.
