बेहतर परिणाम के लिये अधोसंरचना विकास से जुडे विभाग समन्वय से काम करें – प्रभारी मंत्री देवड़ा

भोपाल

वित्त, वाणिज्यिक कर एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने निर्माण और अधोसंरचना विकास से जुडे सभी विभागों से समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिये हैं, जिससे जमीनी स्तर पर शीघ्र अपेक्षित परिणाम दिखें।

कटनी जिले के दौरे पर आज विभागों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए देवड़ा ने कहा कि विकास की हर गतिविधि एक दूसरे से जुडी है, इसलिये समान गति से कार्य करना होगा। किसी एक गतिविधि में विलम्ब होने से दूसरी गतिविधियाँ प्रभावित होंगी। देवड़ा ने कहा कि सभी विभाग मुस्तैदी से काम करते हुए अपने विभागो की गतिविधियाँ तेज करें।

उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि पीछे छूट रही गतिविधियों की लगातार समीक्षा कर विलम्ब की स्थिति को दूर करें।

मंत्री देवड़ा ने कोरोना संक्रमण काल में जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जिला प्रशासन की पूरी टीम की सराहना की। उन्होने संभावित तीसरी लहर पर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि सावधानी कम होती जा रही है। कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन जिले में सख्ती से हो, यह सुनिश्चित करें। लोग मास्क अनिवार्यतः लगायें, दो गज दूरी का पालन करें। बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके, इसकी तैयारी भी अभी से सुनिश्चित करें।

मंत्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश को कारगर बनाने के लिये पूरी शक्ति से बेहतर कार्य किया जाए। उन्होंने जिले के अधिकारियों से कहा कि वे राज्य स्तर पर लंबित प्रस्तावों की जानकारी दें, जिससे उन पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगरीय क्षेत्र में बनाये गये आवासों से जुडे विषयों की भी समीक्षा की और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या के लिये स्थाई कार्य-योजना पर काम करने के लिये भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कोविड की संभावित तीसरी लहर और उससे निपटने के लिये जिला प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाहियों पर प्रभारी मंत्री देवड़ा को बिन्दुवार पॉवर पॉईन्ट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाये जा रहे चिकित्सीय संसाधनों, कोविड की संक्षिप्त रिपोर्ट, टेस्टिंग रिपोर्ट, ऑक्सीजन प्लान्ट की स्थापना, आईसीयू बेड, ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड, कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन, मानव संसाधान और कोविड वैक्सीनेशन पर विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, प्रणय प्रभात पाण्डेय, जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *