राहत के बाद दुनिया में फिर लौट रही आफत 

 नई दिल्ली 
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और मौतों ने एक बार फिर दुनियाभर की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नौ हफ्तों की गिरावट के बाद विश्व में संक्रमण के मामलों में पिछले हफ्ते 10 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है। इसके चलते पाबंदियों का एक और दौर शुरू हो रहा है। जिससे जनजीवन के सामान्य होने की उम्मीद कमजोर होती जा रही हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बुधवार को बताया कि लगातार नौ हफ्तों की गिरावट के बाद मौत की संख्या में भी वृद्धि हुई है। संक्रमण से पिछले हफ्ते 55,000 से अधिक लोगों ने जान गंवाई। जो इससे पहले वाले हफ्ते के मुकाबले तीन प्रतिशत अधिक है। वहीं संक्रमण के मामलों में पिछले हफ्ते करीब 10 फीसदी यानी की लगभग 30 लाख की वृद्धि हुई। इनमें से सबसे अधिक मामले ब्राजील, भारत, इंडोनेशिया और ब्रिटेन में आए।
 
डब्ल्यूएचओ ने कहा कि कई देश बाकी की सभी एहतियातों को हटाने के दबाव का सामना कर रहे हैं। लेकिन डब्ल्यूएचओ ने आगाह किया कि सही तरीके से ऐसा करने में नाकाम रहने पर संक्रमण को और फैलने का मौका मिलेगा। वहीं जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय में संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. डेविड डाउडी ने आगाह किया कि यह पहचानना महत्वपूर्ण है कि कोविड में विस्फोटक तरीके से संक्रमण फैलाने की क्षमता है।
 
विश्वभर में कोरोना महामारी के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18.93 करोड़ से अधिक हो गई है। जबिक अब तक इसके कारण 40.76 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया में कोरोना संक्रमितों के मामले में भारत दूसरे और मृतकों के मामले में तीसरे स्थान पर है। ब्राजील संक्रमितों के मामले में अब तीसरे स्थान पर है तथा कोरोना से हुई मौतों के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में कोरोना से अब तक सबसे ज्यादा 6.23 लाख लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *