पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का हाल जानने केन्द्रीय मंत्री स्मृति पहुंची लखनऊ

लखनऊ
 केन्द्र सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति जुबिन ईरानी सोमवार को अमेठी जाने के लिए लखनऊ पहुंची। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। फिर तुरंत बाद पीजीआई में भर्ती भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह को देखने गईं। कल्याण सिंह बीते एक हफ्ते से संजय गांधी पीजीआई में भर्ती हैं। स्मृति ईरानी ने वहां पर कल्याण सिंह से मुलाकात की। इसके साथ ही डॉक्टर्स से उनकी सेहत के बारे में जानकारी भी ली। अपने पास स्मृति ईरानी को देख कल्याण सिंह काफी भावुक हुए। इस दौरान उनकी आंख से आंसू भी निकले। उन्होंने स्मृति ईरानी को आशीर्वाद भी दिया।

स्मृति ईरानी ने सोमवार को मुख्यमंत्री से उनके आवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। करीब आधा घंटा की मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के लिए रवाना हो गईं। अमेठी में उनका आज जिला पंचायत अध्यक्ष तथा सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना है। अमेठी में स्मृति ईरानी के बेहद करीबी तथा उद्योगपति राजेश अग्रहरि उर्फ राजेश मसाला जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *