लखनऊ से गिरफ्तार दोनों आतंकियों को 14 दिन की रिमांड

लखनऊ

लखनऊ से गिरफ्तार किये गए अलकायदा समर्थित आतंकी सगंठन के दो संदिग्धों मिनहाज अहमद और मसरूद्दीन को लखनऊ की एडीजे कोर्ट में पेश किया गया। जहां एटीएस ने रिमांड की मांग की। कोर्ट ने दोनों संदिग्‍धों को 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया है।

राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में एटीएस ने सर्च ऑपरेशन में दोनों को गिरफ्तार किया था। सूचना के मुताबिक उनके पास से प्रेशर कुकर बम और विस्फोटक सामान भी मिला है। संदिग्ध आतंकी किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। आतंकी होने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है। आसपास के घरों को भी खाली कराया गया था।

सोमवार दोपहर दोनों संदिग्धों को लखनऊ की एडीजे 3 कोर्ट में पेश किया गया। रिमांड मिलने के बाद एटीएस के पास सहूलियत रहेगी और अगर वह चाहेगी तो आरोपियों को लखनऊ से बाहर ले जाकर भी पूछताछ कर सकती है। इससे पहले अपर गृह सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि दोनों संदिग्धों की फोन चैट से सामने आया है कि वे क्रॉस बॉर्डर संपर्क में थे।

एडीजी (लॉ ऐंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने बताया था कि सूचनाएं मिलने के बाद उस पर स्टडी की गई और मॉड्यूल को ध्वस्त किया गया। पकड़े गए संदिग्धों के मंसूबे सही नहीं थे। जिस तरह की चीजें मिली हैं उनका पोंटेशल इतना है कि किसी महत्वपूर्ण जगह पर ब्लास्ट हो जाता तो कई जानें जा सकती थीं। उस लिहाज से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

बताया जा रहा है कि एटीएस ने आतंकियों के पास यूपी के कई शहरों के नक्शे बरामद किए हैं। इसमें अयोध्या के राम मंदिर के आसपास के नक्शे भी बरामद हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों के निशाने पर अयोध्या समेत यूपी के कई बड़े शहर थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आतंकी मानव बम बनकर हमला करने की फिराक में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *