ढाई गुना कम हुआ टीकाकरण, लोगों को आज नहीं लगेगी कोविशील्ड वैक्सीन

नोएडा 
वैक्सीन की कमी के कारण मंगलवार को कोविशील्ड टीका नहीं लगाया जाएगा। स्लॉट बुकिंग के अनुसार को-वैक्सीन लोगों को दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के पास सोमवार को करीब 9000 टीके बचे हुए थे। जो लोगों को दिए गए। शासन से टीके की नई खुराक नहीं मिली हैं। इसके कारण कोविशील्ड टीकाकरण को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है।  29 जून को स्लॉट बुक करने वाले लोगों को अब पांच जुलाई को टीका दिया जाएगा।  बुधवार को टीकाकरण किया जाएगा। जिले में कोविशील्ड टीके की खपत 90 प्रतिशत है। लिहाजा इस टीके के नहीं होने के कारण एक दिन के लिए लगभग पूरा टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित रहेगा। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक ओहरी ने कहा, 'एक दिन के लिए कोविशील्ड टीके नहीं लगाए जाएंगे। पर्याप्त वैक्सीन नहीं होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। इसके बाद नियमित रूप से टीकाकरण चलता रहेगा। नियर टू होम अभियान पहली जुलाई से शुरू होगा। 30 जून को एक लाख से अधिक खुराक मिलेगी।' 

ढाई गुणा कम हुआ टीकाकरण
टीके की कमी के कारण सोमवार को ढाई गुना कम टीकाकरण हुआ। इस दिन 9175 लोगों को टीका लगाया गया, जबकि इससे पहले एक दिन में 20 हजार से 25 हजार टीके लगाए जा रहे थे। वैक्सीन की कमी के कारण सभी सरकारी केंद्रों में टीकाकरण प्रभावित रहा। कई निजी अस्पतालों में भी टीकाकरण प्रभावित रहा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *