अक्सर काम के लिए टोकते थे पिता, बेटे ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, बचाने आई मां पर भी किया हमला
नई दिल्ली
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में सोमवार सुबह बेरोजगार बेटे को काम के लिए टोकने पर उसने गुस्से में पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस दौरान बचाने पहुंची मां पर भी बेटे ने चाकू से हमला किया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल देवेंद्र की पत्नी 52 वर्षीय मंजू का इलाज सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने वारदात के बाद हत्या समेत अन्य धारा में केस दर्ज कर आरोपी 25 वर्षीय विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक देवेंद्र परिवार के साथ कल्याणपुरी के पश्चिमी विनोद नगर इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी मंजू, बड़ा बेटा विकास, विकास की पत्नी और छोटा बेटा विशाल है। देवेंद्र दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत थे। देवेंद्र का अपना तीन मंजिला मकान था, जिसमें वह नीचे के तल पर रहते थे, जबकि विकास अपनी पत्नी के साथ दूसरी मंजिल पर रहता है। पुलिस के अनुसार, विशाल पिछले आठ महीने से बेरोजगार है। वह पहले भी कभी काम करता था तो कभी बेरोजगार रहता था। विशाल अपना खर्च चलाने के लिए माता-पिता से रुपये मांगता था।
माता-पिता उसे अक्सर काम करने के लिए कहते, जिस पर वह भड़क जाता था और झगड़ने लगता था। सोमवार सुबह करीब छह बजे भी देवेंद्र ने विशाल को काम देखने के लिए बोला तो वह भड़क गया। गुस्से में विशाल रसोई घर में गया और सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आ गया। उसने चाकू से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
