प्रयागराज में गंगा किनारे दफन शवों से चुनरी हटाने की होगी जांच, डीएम ने बनाई कमेटी

प्रयागराज 
प्रयागराज में गंगा किनारे दफनाए गए शवों के ऊपर से लाल-पीले रंग की रामनामी चुनरी हटाने के मामले की जांच होगी। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने मंगलवार को इसकी जांच के लिए कमेटी गठित की। कमेटी में एडीएम प्रशासन और एसपी गंगापार शामिल हैं। अफसरों ने यह कदम सोशल मीडिया पर वायरल हुए शृंग्वेरपुर के एक वीडियो को संज्ञान में लेते हुए उठाया है। आदेश में कहा गया है कि यह प्रकरण अत्यंत गंभीर और संवेदनशील प्रकृति का है। कमेटी इसके सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगी।

कमेटी यह भी देखेगी कि ऐसे अति संवेदनशील प्रकरण में किन तत्वों द्वारा इस प्रकार का कृत्य किया गया है और उनकी मंशा क्या थी। कमेटी दोषी पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ समुचित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अपनी जांच आख्या जल्द प्रस्तुत करेगी। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान के मंगलवार के अंक में चुनरी हटाते हुए फोटो प्रकाशित हुई। सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ। 

शृंग्वेरपुर गंगा घाट पर जाल लगाकर कुत्तों को पकड़ा जा रहा है। सोमवार को जाल लगाकर दो कुत्तों को पकड़ा गया था। दिनभर चली मशक्कत के बाद मंगलवार को भी दो कुत्ते पकड़े गए। जाल से कुत्तों को पकड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पहले भी कुत्ते पकड़े जा चुके हैं। इस काम में लगाए गए कर्मचारियों ने बताया कि जब तक वन विभाग की टीम सक्रिय नहीं होगी कुत्तों और सुअर को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिलेगी। शृंग्वेरपुर में कटान रोकने के लिए बोरियों में रेत भरकर बंधा बनाया जा रहा है। नगर पंचायत लालगोपालगंज के दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मचारी मंगलवार को भी श्मशान घाट की सफाई में जुटे रहे। एसडीएम सोरांव अनिल चतुर्वेदी अफसरों के साथ श्मशान घाट की निगरानी करते रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *