‘विक्रम वेधा’ में चार अलग लुक में ऋतिक रोशन
जून महीने से फिल्मों की शूटिंग की सुगबुगाहटें शुरू हो रही हैं। उस लिस्ट में ‘विक्रम वेधा’ का भी नाम है। फिल्म से जुड़े सूत्रों ने कहा, तैयारियां जोरों पर हैं। इस फिल्म में ऋतिक रोशन चार अलग लुक में नजर आएंगे। किरदार बनारस से बिलॉन्ग करने वाला दिखेगा। ऋतिक ने अपने गेटअप और कॉस्ट्यूम को लेकर खास इनपुट दिए हैं। उनका कहना है कि उन्हें ऐसे ड्रेस प्रदान किए जाएं, जिसमें बनारस के युवा अक्सर नजर आते हैं। इतना ही नहीं, ऋतिक ने खास ठेठ बनारसी डायलेक्ट रखने के निर्देश दिए हैं। लिहाजा वहां से बिलॉन्ग करने वाले डायलेक्ट कोच को आॅन बोर्ड लिया जा रहा है। सूत्रों ने बताया, "ऋतिक के लुक के साथ रोचक प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्हें यंग वेधा से लेकर क्राइम की दुनिया में धाक जमाते वेधा के फॉर्म में भी दिखाया जाएगा। मेकर्स साथ ही इसे लाइव लोकेशनों पर शूट करना चाहते हैं। इसकी खातिर मुंबई और बनारस आदि में लोकेशनों की टेक रेकी वगैरह पूरी हो चुकी है।
फिल्म की 60% शूटिंग लखनऊ, बनारस और यूपी में होगी
सूत्रों ने अतिरिक्त जानकारी साझा करते हुए कहा, ‘विक्रम वेधा’ की 40% शूटिंग मुंबई में होगी 60% शूटिंग लखनऊ, बनारस और यूपी के अन्य इलाकों में होगी। दरअसल, कोविड की दूसरी लहर नहीं आती, तो यह फिल्म भी अप्रैल में फ्लोर पर आ जाती। वह इस तरह कि इस फिल्म की शूटिंग जहां-जहां होने वाली थी खासकर मुंबई में, वहां-वहां प्रोडक्शन हाउस टेक्निकल रेकी करवा चुकी थी। इतना ही नहीं डायरेक्टर पुष्कर और गायत्री अपनी टीम से ऋतिक रोशन का कॉस्टयूम ट्रायल भी करवा चुके थे। खुद ऋतिक भी काफी एक्साइटेड हैं कि उन्हें ‘धूम 2’ के बाद एक बार फिर ग्रे-शेड कैरेक्टर निभाने का मौका मिल रहा है।
डायरेक्टर ने मुंबई में अलग-अलग लोकेशन किए फाइनल
सूत्रों ने बताया, डायरेक्टर पुष्कर गायत्री ने फिल्म के लिए साउथ मुंबई में अलग-अलग लोकेशन फाइनल किए हैं। मिसाल के तौर पर मरीन ड्राइव, गेटवे आॅफ इंडिया के आस-पास का इलाका, नवी मुंबई के शिपयार्ड वाले लोकेशन इत्यादि। ऐसे लोकेशंस को फाइनल करने के पीछे ठोस वजह थी। मूल फिल्म में वेधा दूसरे शहर जाकर वहां अपना राज स्थापित करता है। ऐसे में मेकर्स ने डिसाइड किया कि रीमेक में भी वेधा को यूपी से मुंबई में एंट्री करता हुआ दिखाया जाए, तो वैसे लोकेशंस बैकग्राउंड में हो जिनसे पता चले कि वह किसी और शहर से सपनों की नगरी में दस्तक दे रहा है। टीम पहले मुंबई में अलग-अलग जगहों पर पहला शेड्यूल पूरा करेगी। उसके बाद सब बनारस का रुख करेंगे। मेकर्स यह भी तय कर रहे हैं कि ऋतिक को तोन्द में दिखाया जाए या फिर उनके फैंस उन्हें जिस ग्रीक गॉड वाले लुक में पसंद करते हैं, वैसा ही रखा जाए।
