शाहजहांपुर में जरूरतमंदों को जीवन दे रही ‘सिलेंडर वाली बिटिया’
शाहजहांपुर
कोरोना संक्रमण के बीच ऑक्सीजन की चुनौतियों से जूझ रहे अपने पिता को बचाने के लिए शाहजहांपुर की एक बेटी ने व्यक्तिगत प्रयासों से न केवल पिता के लिए ऑक्सीजन का प्रबंध किया बल्कि अब वह आम लोगों के लिए भी बड़ी मददगार बन गई है और लोग उसे 'सिलेंडर वाली बिटिया' के नाम से जानने लगे हैं। शाहजहांपुर जिले की रहने वाली 26 वर्षीय अर्शी अपनी स्कूटी पर रखकर ऑक्सीजन सिलेंडर रखकर कोविड के मरीजों के घर पर पहुंचा रही है।
शाहजहांपुर नगर के मदार खेल मोहल्ले में रहने वाली अर्शी के पिता मशहूर की रमजान के पहले ही दिन तबीयत खराब हो गई थी और कोविड की जांच में वह संक्रमित पाए गए। डॉक्टर ने ऑक्सीजन की व्यवस्था करने को कहा था जिसक बाद अर्शी एक अधिकारी के पास गई परंतु उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि घर में एकांतवास में रह रहे मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिलेगी और मरीज को अस्पताल में दाखिल करने की सलाह दी। अर्शी ने बताया कि वह कई जगह गई परंतु उसके पापा के लिए ऑक्सीजन नहीं मिल पाई। वह नगर मजिस्ट्रेट के दफ्तर तक पहुंच गई थी।
