रायपुर में संघ संचालित कोविड केयर सेंटर में निकला सांप, दहशत में आॅक्सीजन सिलेंडर के साथ भागे मरीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन सेवा भारती की ओर से संचालित कोविड केयर सेंटर में आज सांप निकल आया। जिस कमरे में सांप निकला उसमें मरीज थे। करीब 7 फीट लंबा सांप दिखने से दहशत में आए मरीज आॅक्सीजन सिलेंडर लेकर किसी तरह वहां से भागे। सामने आया है कि एक -डेढ़ बजे के बीच रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में बने अस्थायी कोविड केयर सेंटर वार्ड में भर्ती मरीजों ने वह सांप देखा। उसके बाद वहां शोर मच गया। संचालकों ने किसी तरह मरीजोें को दूसरे कमरे में शिफ्ट कराया। उसके बाद सांप को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई। शुरूआती कोशिश नाकाम रहने पर कोविड केयर सेंटर के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के सचिव मोइज अहमद को फोन लगाया। थोड़ी देर में वहां पहुंचे मोइज ने सांप को पकड़ लिया। उसे पकड़कर शहर के बाहर खेतों में छोड़ दिया गया। 20 बिस्तरों का यह कोविड केयर सेंटर 14 अप्रैल को शुरू हुआ था।

सात फीट का असोढिया सांप था
नोवा नेचर वेलफेयर सोसाइटी के मोइज अहमद ने बताया, सरस्वती शिशु मंदिर कोविड केयर सेंटर से पकड़ा गया सांप धामिन था। इसे स्थानीय स्तर पर असोढिया सांप कहा जाता है। यह जहरीला सांप नहीं है, लेकिन आकार में बड़ा होने की वजह से लोग इसे देखकर डरते ज्यादा है।

रायपुर में आज ही पकड़े गए 11 सांप
मोइज अहमद ने बताया, उमस वाली गर्मी बढ़ने से यह सांप घरों में घुस रहा है। आज सुबह से 20-22 फोन आ चुके हैं। अभी तक शहर के विभिन्न इलाकों से 11 सांप पकड़े जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *