लॉकडाउन लागू कराने फील्ड में उतरे दफ्तरों में तैनात पुलिसकर्मी 

पटना 
कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए बिहार में लगाए गए लॉकडाउन के बाद फील्ड में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। जिला पुलिस ने अपने आंतरिक संसाधान से पुलिस बल की व्यवस्था की है। ये ऐसे पुलिसकर्मी हैं जो जिला पुलिस के अधीन विभिन्न कार्यालयों में तैनात थे। पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद जिला पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

 कोरोना की वजह से कामकाज खासा प्रभावित हुआ है। वहीं लॉकडाउन को लागू कराने के लिए फील्ड में ज्यादा पुलिसकर्मियों की जरूरत है। इसे देखते हुए एसडीपीओ ऑफिस, सर्किल इंस्पेक्टर, पुलिस लाइन और दूसरे कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरत के हिसाब से ही वहां रखा जा रहा है। अधिकांश जगह 50 प्रतिशत पुलिसकर्मियों को दफ्तरों से वापस बुला लिया गया है। उनकी तैनाती फील्ड में की जा रही है ताकि लॉकडाउन को प्रभावी तरीक से लागू करने में उनका इस्तेमाल किया जा सके। बिहार में 5 से 15 मई तक लॉकडाउन है। लॉकडाउन का आदेश जारी होने के साथ पुलिस मुख्यालय ने इसे सख्ती से लागू कराने को लेकर जिला पुलिस को दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसमें शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त के साथ स्टैटिक तौर पर पुलिस बल की तैनाती भी शामिल है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *