हैमिल्टन ने शीर्ष स्थान के साथ 100वीं बार हासिल की पोल पोजिशन

मैड्रिड
मर्सीडिज के लुईस हैमिल्टन ने स्पेनिश ग्रांप्री के क्वालीफाइंग मुकाबले में शनिवार को यहां मैक्स वेरस्टाप्पेन को मामूली अंतर से पछाड़ कर फार्मूला वन (एफवन) करियर में 100वीं बार पोल पोजिशन (शीर्ष स्थान से रेस शुरू करने का हक) हासिल कर ली।

हैमिल्टन ने एक मिनट 16.74 सेकंड का समय लिया जो रेड बुल के वेरस्टाप्पेन से 0.03 सेकेंड कम था। हैमिल्टन की टीम के साथ ड्राइवर वालट्टेरी बोटास तीसरे स्थान पर रहे। सत्र की शुरुआती तीन रेसों के बाद हैमिल्टन तालिका में वेरस्टाप्पेन से आठ अंक आगे शीर्ष पर हैं।

उन्होंने स्पेनिश ग्रांप्री को पांच बार जीता है, जिसमें पिछले चार साल में लगातार चार जीत शामिल हैं। रविवार को करियर की 98वीं जीत के साथ वह मोंटमेलो में दिग्गज माइकल शूमाकर के छह जीत के रिकार्ड की बराबरी करना चाहेंगे। वेरस्टाप्पेन ने इससे पहले तीसरे अभ्यास सत्र में हैमिल्टन को पछाड़ कर शीर्ष स्थान हासिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *