अपराधों की रोकथाम से लेकर यातायात-जागरुकता अभियान के लिए स्पीकर लगाएगी पुलिस

भोपाल
भोपाल, इंदौर सहित प्रदेश के सभी बड़े शहरों में चौकसी बढ़ाने और लोगों को जागरुक करने के लिए पुलिस अब लाउडस्पीकर का सहारा लेगी। इसके लिए प्रदेश के एक दर्जन शहरों को चुना गया है। स्पीकर चौराहों पर लगाए जाएंगे, इसके जरिए अपराधों की रोकथाम के साथ ही यातायात नियमों का पालन और अन्य जागरुकता अभियान चलाए जाएंगे।

दूरसंचार पुलिस प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा शहरों के प्रमुख चौराहों पर स्पीकर लगाने जा रही है। प्रयोग के तौर पर भोपाल में यह स्पीकर लगाए गए थे। जिस पर यातायात नियमों का पालन करने के संदेश के साथ ही जागरुकता के अभियान चले थे। रेडियो पुलिस मुख्यालय इस सफल प्रयोग के रूप में देख रहा है। इसके चलते अब प्रदेश के अन्य शहरों में प्रमुख चौराहों पर स्पीकर लगाए जाएंगे।

स्पीकर पर क्या संदेश देना है या क्या संदेश दिया जा रहा है। इसके लिए शहर के एक अफसर को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यह जिम्मेदारी किसे देना है है यह पुलिस अधीक्षक तय करेंगे। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर भी कुछ संदेश इन स्पीकर के जरिए चलाए जाएंगे।  पुलिस अधीक्षक को हर दिन इसकी मॉनिटरिंग करना होगी। स्थानीय स्तर पर अपराधों की रोकथाम के साथ ही जागरुकता के लिए जो संदेश चलाए जाएंगे, उन संदेशों को पहले पुलिस अधीक्षक स्वीकृति देंगे। इसके बाद ही संदेश इन स्पीकर पर चलाए जाएंगे।

ये स्पीकर पुलिस कंट्रोल रूम से संचालित होंगे। बताया जाता है कि अब इन स्पीकरों के जरिए संदेश देकर अपराधों की रोकथाम का भी प्रयास पुलिस करेगी। इस पर अपराधों से बचने के लिए जागरुकता अभियान के संदेश भी चलाए जाएंगे। ये व्यवस्था भोपाल के साथ ही इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, सतना सहित अन्य शहरों में की जाएगी। इसका प्लान बन कर तैयार हो चुका है। जल्द ही स्पीकर लगाने का काम शुरू होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *