जिलों की अनुशंसा पर कांग्रेस में मिलेंगे नगरीय निकाय के टिकट
भोपाल
नगरीय निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होते ही कांग्रेस प्रत्याशी चयन में जुट जाएगी। इसके लिए हर जिले से रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस के पास पहुंचेगी। इस रिपोर्ट को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सामने रखा जाएगा। इसके बाद ही प्रत्याशियों का चयन होगा।
बताया जाता है कि कमलनाथ के दो दिन बाद भोपाल आते ही नगरीय निकाय चुनाव में उम्मीदवार चयन को लेकर कांग्रेस में तेजी आ जाएगी। कांग्रेस इसे विधानसभा चुनाव की रिहर्सल मान कर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसके लिए पार्षद उम्मीदवारों तक के टिकट पर सर्वे और अन्य आधार पर टिकट दिए जाएंगे। जिसकी अनुशंसा जिलों में पीसीसी द्वारा बनाई गई कमेटी करेगी। इस कमेटी की अनुशंसा से आए नामों पर प्रदेश कांग्रेस विचार करेगी। प्रदेश कांग्रेस शहर के हर फैक्टर को देखने के बाद पार्षद के उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। यह सूची जिलों में ही जारी की जाएगी, लेकिन इसकी मुहर प्रदेश कांग्रेस से लगेगी।
विधायकों और जिला अध्यक्षों को मिलेगी तवज्जो
टिकट के मामले में जिला अध्यक्ष और विधायकों को तवज्जो मिलेगी। हालांकि विधायक और जिला अध्यक्ष सहित पूरी कमेटी को समन्वय कर नाम तय करने का कहा गया है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि जिला अध्यक्ष और विधायकों की सिफारिश पर कई टिकट मिलेंगें।
बड़े नेता भी प्रचार में उतरेंगे
प्रदेश में संभवता पहली बार होगा जब कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता नगरीय निकाय के चुनाव प्रचार में सड़कों पर दिखाई देंगे। इससे पहले तक कमलनाथ और दिग्विजय सिंह अपने-अपने क्षेत्रों के अलावा नगरीय निकाय चुनाव में प्रचार से दूर रहते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। इस बार कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव जैसे नेता भी नगरीय निकाय के चुनाव में सभा और रोड शो करने जा सकते हैं।
